साप्ताहिक समीक्षा- सरसों
26-Jul-2025 08:07 PM
लम्बी तेजी के बाद सरसों की कीमतों में आई नरमी
नई दिल्ली। पिछले कुछ सप्ताहों से सरसों के थोक मंडी भाग में तेजी की सरपट चाल देखी जा रही थी और तमाम मंडियों में इसका दाम उछलकर न्यूनतम समर्थन मूल्य (5950 रुपए प्रति क्विंटल) से काफी ऊपर पहुंच गया था। लेकिन अत्यन्त ऊंचे मूल्य पर लिवाली कुछ कमजोर पड़ने से खासकर राजस्थान एवं उत्तर प्रदेश की कुछ मंडियों में कीमत घटकर नीचे आ गई। हरियाणा तथा मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं भाव 50-75 रुपए नरम रहे। कोलकाता में 150 रुपए प्रति क्विंटल की नरमी रही।
42% कंडीशन सरसों
19-25 जुलाई वाले सप्ताह के दौरान 42 प्रतिशत कंडीशन वाली सरसों का भाव दिल्ली में 7250 रुपए प्रति क्विंटल के पिछले स्तर पर स्थिर रहा मगर जयपुर में 25 रुपए सुधरकर 7575 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया।
हरियाणा / मध्य प्रदेश
सामान्य (औसत) क्वालिटी की सरसों का भाव हरियाणा की मंडियों में 50-75 रुपए नरम लेकिन सिरसा में 150 रुपए प्रति क्विंटल तेज रहा। मध्य प्रदेश की मुरैना एवं पोरसा मंडी में 50-50 रुपए की नरमी एवं ग्वालियर मंडी में 50 रुपए की तेजी देखी गई।
सरसों तेल
सरसों का भाव नरम पडने से सरसों तेल के दाम में भी 1-2 रुपए प्रति किलो की गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली में एक्सपेलर का भाव 10 रुपए गिरकर 1630 रुपए प्रति 10 किलो तथा अलवर में 20 रुपए घटकर 1640 रुपए प्रति 10 किलो पर आ गया। वहीं कच्ची घानी सरसों तेल का मूल्य हापुड़ में 50 रुपए की गिरावट के साथ 1760/1820 रुपए प्रति 10 किलो रह गया।
आवक
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान घरेलू मंडियों में 19 जुलाई को 3 लाख बोरी सरसों की आवक हुई जबकि प्रत्येक बोरी 50 किलो की होती है।
सरसों खल (डीओसी)
सरसों खल का कारोबार कुछ मध्यम रहा और इसलिए कीमतों में 10-20 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट रही। लेकिन डीओसी में अच्छी खरीद बिक्री हुई।
