साप्ताहिक समीक्षा- सोयाबीन

07-Jun-2025 01:05 PM

मिलर्स की लिवाली से सोयाबीन का भाव तेज      

नई दिल्ली। नीचे दाम पर क्रशर्स- प्रोसेसर्स की मांग निकलने से 31 मई- 6 जून वाले सप्ताह के दौरान मध्य प्रदेश एवं महाराष्ट्र की मंडियों में सोयाबीन का भाव 50-100 रुपए प्रति क्विंटल तेज रहा जबकि सांगली के एक प्लांट में यह 325 रुपए उछलकर 4775 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। सरकारी एजेंसी- नैफेड ने अपने स्टॉक से सोयाबीन को बाजार में उतारना शुरू कर दिया है। उधर कहीं- कहीं इस महत्वपूर्ण तिलहन की छिटपुट बिजाई भी शुरू हो गई है। मंडियों में सोयाबीन की सामान्य आवक होने की सूचना मिल रही है। 
सोया तेल 
दिलचस्प तथ्य यह है कि सोयाबीन के दाम में तेजी आने के बावजूद सोया रिफाइंड तेल की कीमतों में मध्य प्रदेश में 25-35 रुपए प्रति 10 किलो तथा महाराष्ट्र में 20-40 रुपए प्रति 10 किलो की भारी गिरावट दर्ज की गई। समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान सोया रिफाइंड तेल के दाम में कोटा एवं कांडला में 20-20 रुपए, मुम्बई में 30 रुपए तथा हल्दिया में 40 रुपए प्रति 10 किलो की गिरावट दर्ज की गई। 
कीमतें 
सभी केन्द्रों में इसकी कीमत घटकर 1200 रुपए प्रति 10 किलो से नीचे आ गई। सरकार ने पिछले महीने क्रूड श्रेणी के पाम तेल, सोयाबीन तेल एवं सूरजमुखी तेल पर मूल आयात शुल्क को 20 प्रतिशत से घटकर 10 प्रतिशत नियत किया था।  
आवक 
प्रमुख उत्पादक राज्यों की मंडियों में 3 जून को 2.10 लाख बोरी सोयाबीन की आवक हुई थी जो 6 जून को गिरकर 2.00 लाख बोरी रह गई। सोयाबीन की प्रत्येक बोरी 100 किलो की होती है। 
सोया खल (डीओसी)
सोया डीओसी में घरेलू एवं निर्यात मांग बेहतर रही और सामान्य कारोबार के साथ इसके दाम में 500 से 1500 रुपए प्रति टन तक का सुधार दर्ज किया गया। इससे मिलर्स को थोड़ी राहत मिली। सोयाबीन का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2024-25 के 4892 रुपए प्रति क्विंटल से 436 रुपए बढ़ाकर 2025-26 सीजन के लिए 5328 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।