साप्ताहिक समीक्षा - सोयाबीन
19-Jul-2025 08:36 PM
तेल और डीओसी का बेहतर कारोबार होने से सोयाबीन का भाव तेज
नई दिल्ली। तीनों शीर्ष उत्पादक राज्यों- मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र एवं राजस्थान में 12-18 जुलाई वाले सप्ताह के दौरान सोयाबीन के दाम में 50-100 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गई क्योंकि इसके तेल एवं डीओसी में कुछ मांग रही और विदेशों में भी भाव ऊंचे रहे।
मध्य प्रदेश / राजस्थान
मध्य प्रदेश में सोयाबीन का प्लांट डिलीवरी मूल्य सुधरकर ऊंचे में 4500 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया जबकि महाराष्ट्र में 4600 रुपए प्रति क्विंटल एवं राजस्थान में 4700 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किया गया। सोयाबीन का न्यूनतम समर्थन मूल्य 4892 रुपए प्रति क्विंटल है। नैफेड का स्टॉक भी बेचा जा रहा है। मंडियों में किसानी माल की आवक कम हो रही है।
सोया रिफाइंड
सोयाबीन का भाव मजबूत होने से सोया रिफाइंड तेल के दाम में भी कुछ तेजी दर्ज की गई। इसका भाव मंदसौर की एक इकाई में 47 रुपए बढ़कर 1215 रुपए प्रति 10 किलो पर पहुंच गया। लगभग सभी जिलों में यह 120 रुपए प्रति किलो से ऊपर चल रहा है।
सोया प्लांट
महाराष्ट्र के प्लांटों में भी सोया रिफाइंड तेल के दाम में 3-4 रुपए प्रति किलो की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। इसका मूल्य कोटा में 15 रुपए बढ़कर 1225 रुपए प्रति 10 किलो, मुम्बई में 50 रुपए उछलकर 1200 रुपए, कांडला में 10 रुपए सुधरकर 1190 रुपए तथा हल्दिया में 20 रुपए बढ़कर 1185 रुपए प्रति 10 किलो पर पहुंच गया। विदेशों में ऊंचे भाव से आयातित सोयातेल की कीमतों में वृद्धि हो गई जिससे रिफाइनर्स को दाम बढ़ाने का अवसर मिलना था।
सोया डीओसी
सोया डीओसी में घरेलू उद्योगों एवं निर्यातकों की मांग मजबूत रही जिससे कीमतों में 100 से 500 रुपए प्रति टन तक का इजाफा दर्ज किया गया। सोया डीओसी का भाव सुधरकर 30000 रुपए प्रति टन ऊपर पहुंच गया।
बिजाई
सोयाबीन की बिजाई अंतिम चरण की ओर बढ़ने लगी है। लेकिन इसके क्षेत्रफल के लिए केन्द्रीय कृषि मंत्रालय एवं इंदौर स्थित संस्था- सोयाबीन प्रोसेसर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सोपा) के आंकड़ों में करीब 10 लाख टन का अंतर देखा जा रहा है। सोपा के अनुसार तीनों शीर्ष उत्पादक राज्यों में सोयाबीन के बिजाई क्षेत्र में वृद्धि हुई है। समझा जाता है कि मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में हो रही मूसलाधार बारिश से सोयाबीन फसल के लिए खतरा बढ़ गया है। राजस्थान के लिए भी ऐसी ही आशंका व्यक्त की जा रही है।
