साप्ताहिक समीक्षा- सोयाबीन
26-Jul-2025 08:02 PM
क्रशिंग इकाइयों की मजबूत मांग से सोयाबीन के मूल्य में सुधार
नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्तर पर सोयाबीन की बिजाई गत वर्ष से पीछे चल रही है और थोक मंडियों में पुराने स्टॉक आवक भी कम हो रही है। सरसों की वजह से तिलहन-तेल बाजार में तेजी-मजबूती का माहौल बना हुआ है। अर्जेन्टीना एवं ब्राजील जैसे आपूर्तिकर्ता देशों में सोया तेल का भाव मजबूत है। हालांकि केन्द्रीय एजेंसी- नैफेड दवरा अपने स्टॉक से सोयाबीन को घरेलू बाजार में उतारा जा रहा है लेकिन कीमतों में अंतर बना हुआ है।
प्लांट डिलीवरी भाव
क्रशिंग- प्रोसेसिंग इकाइयों की मांग बढ़ने से 19-25 जुलाई वाले सप्ताह के दौरान सोयाबीन के प्लांट डिलीवरी मूल्य में 100-200 रुपए प्रति क्विंटल तक की तेजी दर्ज की गई और इसका भाव बढ़कर मध्य प्रदेश में 4450-4600 रुपए प्रति क्विंटल, महाराष्ट्र में 4550-4700 रुपए प्रति क्विंटल तथा राजस्थान में 4500-4800 रुपए प्रति क्विंटल के बीच पहुंच गया।
सोया तेल (रिफाइंड)
लेकिन सोयाबीन के दाम में आई तेजी के अनुरूप सोया रिफाइंड तेल के मूल्य में वृद्धि नहीं हुई। मध्य प्रदेश के खंडवा की एक इकाई में इसका भाव 13 रूपए सुधरकर 1215 रुपए प्रति 10 किलो पर पहुंचा मगर पीथमपुर के एक प्लांट में 10 रुपए गिरकर 1220 रुपए प्रति 10 किलो पर आ गया।
महाराष्ट्र
महाराष्ट्र के प्लांटों में भी कीमतों में महज 5-10 रुपए का उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। लेकिन इसका भाव कोटा में 15 रुपए सुधरकर 1240 रुपए प्रति 10 किलो, मुम्बई में 30 रुपए बढ़कर 1210 रुपए तथा कांडला में 5 रुपए सुधरकर 1215 रुपए प्रति 10 किलो पर पहुंचा मगर हल्दिया में 10 रुपए गिरकर 1195 रुपए प्रति 10 किलो रह गया।
सोया खल (डीओसी)
सोया डीओसी में घरेलू एवं निर्यात मांग मजबूत रही जिससे इसकी कीमतों में भारी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। मध्य प्रदेश की एक इकाई में इसका भाव 4500 रुपए की जोरदार वृद्धि के साथ 32000/35300 रुपए प्रति टन पर पहुंच गया।
प्लांट भाव
कुछ अन्य प्लांटों में 1500 रुपए प्रति टन तक का इजाफा हुआ। महाराष्ट्र में भी इसके दाम में 500 से लेकर 2500 रुपए प्रति टन की बढ़ोत्तरी रही। सोयाबीन की आपूर्ति का ऑफ सीजन आरंभ हो गया है। यदि कीमतों में तेजी का माहौल बरकरार रहा तो इसकी बिजाई में किसानों का उत्साह एवं आकर्षण कुछ बढ़ सकता है।
