साप्ताहिक समीक्षा- सोयाबीन
02-Aug-2025 08:10 PM
तेल और डीओसी की अच्छी मांग से सोयाबीन का भाव तेज
नई दिल्ली। सोयाबीन की आपूर्ति का ऑफ सीजन शुरू हो गया है और इसका बिजाई क्षेत्र भी गत वर्ष से पीछे चल रहा है। त्यौहारी सीजन के लिए सोया रिफाइंड तेल में अच्छी मांग देखी जा रही है जबकि सोयामील की मांग भी मजबूत बनी हुई है। भारत सरकार अमरीका से जीएम सोयाबीन के आयात की अनुमति देने के लिए तैयार नहीं है। वैश्विक बाजार में सोया तेल का भाव सीमित उतार-चढ़ाव के साथ स्थिर बना हुआ है। अर्जेन्टीना में सोयाबीन तेल पर निर्यात शुल्क घटा दिया गया है जिससे बहरत में आयात कुछ सस्ता हो सकता है।
प्लांट भाव
26 जुलाई से 1 अगस्त वाले सप्ताह के दौरान देश के तीनों शीर्ष उत्पादक राज्यों- मध्य प्रदेश महाराष्ट्र एवं राजस्थान में सोयाबीन के प्लांट डिलीवरी मूल्य में 100-200 रुपए प्रति क्विंटल का इजाफा दर्ज किया गया। इसके फलस्वरूप सोयाबीन का प्लांट डिलीवरी भाव बढ़कर मध्य प्रदेश में 4650/4800 रुपए प्रति क्विंटल, महाराष्ट्र में 4750/4950 रुपए प्रति क्विंटल एवं राजस्थान (कोटा) में 4700/5025 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। ज्ञात हो कि सोयाबीन का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन के लिए 4892 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित है जिसे 2025-26 सीजन के लिए 436 रुपए बढ़ाकर 5328 रुपए प्रति क्विंटल नियत किया गया है।
सोया तेल (रिफाइंड)
सोया रिफाइंड तेल की मांग तो अच्छी है मगर इसकी कीमतों में 5 से 15 रुपए प्रति 10 किलो तक का ही उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। इसका भाव पहले ही 120 रुपए प्रति किलो से ऊपर पहुंच चुका है इसलिए ऊंचे दाम पर मांग कमजोर पड़ने की आशंका है। लेकिन रक्षा बंधन एवं गणेश चतुर्थी की वजह से सोया रिफाइंड तेल में आगे बेहतर कारोबार होने की उम्मीद है।
सोया खल (डीओसी)
सोया डीओसी में घरेलू एवं निर्यात मांग मजबूत देखी गई जिससे इसके दाम में 3000 रुपए प्रति टन तक का इजाफा दर्ज किया गया। मध्य प्रदेश के एक प्लांट में यह 3000 रुपए की वृद्धि के साथ 36500 रुपए प्रति टन पर पहुंचा। मध्य प्रदेश के साथ-साथ महाराष्ट्र में भी सोया डीओसी में अच्छा कारोबार हुआ और वहां एक प्लांट में इसका दाम 3200 रुपए प्रति टन उछल गया। सरकारी एजेंसी द्वारा अपने स्टॉक से सोयाबीन की बिक्री की जा रही है जबकि प्लांटों में इसकी अच्छी मांग निकल रही है। आगे यदि तेल एवं ऑयल मील की मांग अच्छी रही तो सोयाबीन का भाव मजबूत रह सकता है।
