साप्ताहिक समीक्षा- सोयाबीन
20-Dec-2025 07:28 PM
महाराष्ट्र में जोरदार सरकारी खरीद होने से सोयाबीन का भाव तेज
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में 13-19 दिसम्बर वाले सप्ताह के दौरान सोयाबीन के प्लांट डिलीवरी मूल्य में 50 से 150 रुपए प्रति क्विंटल तक की तेजी देखी गई क्योंकि एक तो न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 5328 रुपए प्रति क्विंटल पर इस महत्वपूर्ण तिलहन की जोरदार सरकारी खरीद हो रही है और दूसरे विदेशों से आयात कम होने के कारण रिफाइनिंग उद्योग में स्वदेशी सोयाबीन क्षेत्र की मांग मजबूत होने लगी है।
खरीद
केन्द्र सरकार ने महाराष्ट्र में इस बार 18.51 लाख टन सोयाबीन खरीद के लिए मंजूरी दी है। हालांकि मध्य प्रदेश में सोयाबीन के लिए भावान्तर भुगतान योजना लागू है मगर वहां भी इसके दाम में 150 रुपए प्रति क्विंटल तक की तेजी दर्ज की गई। इसी तरह राजस्थान में सोयाबीन का प्लांट डिलीवरी मूल्य 100 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ गया।
सोया तेल (रिफाइंड)
लेकिन सोया रिफाइंड तेल के दाम में अपेक्षित तेजी नहीं देखी गई क्योंकि इसमें मांग का अभाव देखा जा रहा है। सोया तेल के मूल्य में प्रति 10 किलो के लिए महज 2 से 5 रुपए का सुधार आया जबकि कहीं-कहीं इसमें नरमी भी रही। सोया रिफाइंड तेल का भाव राजस्थान के कोटा में 15 रुपए घटकर 1265 रुपए प्रति 10 किलो तथा गुजरात के कांडला एवं बंगाल के हल्दिया में 5-5 रुपए फिसलकर 1245 रुपए प्रति 10 किलो पर आ गया। मुम्बई में यह 1250 रुपए के पिछले स्तर पर बरकरार रहा।
भाव
अन्तर्रष्ट्रीय बाजार में भी सोया तेल का भाव नरम रहा जिससे भारत को कुछ राहत मिलने की संभावना है। दरअसल रुपए का भारी अवमूल्यन होने से सोया तेल के आयात खर्च में काफी बढ़ोत्तरी हो गई है जिसे देखते हुए भारतीय रिफाइनर्स ने दिसम्बर-जनवरी माह के शिपमेंट के लिए खरीदे गए सोया तेल में से करीब एक लाख टन के सौदे को या तो कैंसिल कर दिया है या आगामी महीनों के शिपमेंट में बदल दिया है। इससे अर्जेन्टीना के निर्यातकों को धक्का लग रहा है।
आवक
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान देश भर की थोक मंडियों में सोयाबीन की आवक 16 दिसम्बर को 5.50 लाख बोरी (क्विंटल), 17 दिसम्बर को 4.50 लाख, 18 दिसम्बर को 4 लाख तथा 19 दिसम्बर को मात्र 1.70 लाख बोरी दर्ज की गई।
सोया डीओसी (खल)
सोया डीओसी में अच्छा कारोबार होने से इसका भाव महाराष्ट्र में 500 से 1500 रुपए प्रति टन तक बढ़ गया।
