साप्ताहिक समीक्षा-धान-चावल
10-May-2025 08:01 PM
चावल की निर्यात मांग मजबूत- धान के दाम में मिश्रित रुख
नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच जारी जंग को देखते हुए चावल की घरेलू एवं निर्यात मांग मजबूत हो गई है जिससे खासकर बासमती चावल की कीमतों में अच्छी तेजी देखी जा रही है। बासमती धान का दाम भी कुछ बढ़ा है।
दिल्ली
3-9 मई वाले सप्ताह के दौरान दिल्ली की नरेला मंडी में रोजाना करीब 8-10 हजार बोरी धान की आवक हुई और कुछ किस्मों के दाम में वृद्धि हुई। ताज का भाव 75 रुपए बढ़कर 2300 रुपए प्रति क्विंटल, 1718 का 45 रुपए बढ़कर 3570 रुपए प्रति क्विंटल तथा 1509 हैण्ड का दाम 40 रुपए सुधरकर 2980 रुपए प्रति क्विंटल हो गया।
छत्तीसगढ़
लेकिन छत्तीसगढ़ की भाटापाड़ा एवं राजिम मंडियों में धान की कीमतों में 100-200 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में धान का भाव स्थिर रहा मगर अलीगढ़ में 2-3 हजार बोरी की दैनिक आवक के बीच बासमती धान का दाम 50-100 रुपए सुधर गया जबकि शरबती धान 50 रुपए नरम पड़ गया।
राजस्थान
राजस्थान की बूंदी एवं कोटा मंडी में सामान्य आवक के साथ बासमती धान के दाम में सुधार आया बूंदी में रोजाना 5 से 10 हजार बोरी धान की आपूर्ति हुई और वहां कीमतों में 50 से 250 रुपए प्रति क्विंटल तक की तेजी देखी गई। 1509 धान का भाव 250 रुपए बढ़कर 3000/3150 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। कोटा मंडी में पूसा बासमती धान का दाम 250 रुपए बढ़कर 2800/3200 रुपए प्रति क्विंटल तथा 1509 धान का भाव 300 रुपए उछलकर 2600/2950 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया।
चावल
जहां तक चावल का सवाल है तो इसकी अच्छी मांग के कारण कीमत या तो स्थिर या ऊंची देखी गई। भाटापाड़ा में एचएमटी चावल 100 रुपए बढ़कर 5600/5700 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। कर्नाटक के रायचूर में भी स्टीम एचएमटी 2024 में 100 रुपए की तेजी रही।
पंजाब / अमृतसर
पंजाब के अमृतसर में मजबूत निर्यात मांग के कारण 1121 सेला, 1509 सेला एवं स्टीम तथा 1718 सेला एवं स्टीम चावल के दाम में 100 से 300 रुपए प्रति क्विंटल तक का इजाफा हुआ। सऊदी अरब, ईरान, यमन तथा अमरीका जैसे देशों के आयातक भारतीय बासमती चावल की खरीद में भारी दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
उत्तराखंड
उत्तराखंड की नगर मंडी में चावल का भाव स्थिर बना रहा लेकिन राजस्थान के बूंदी एवं हरियाणा के करनाल में चावल के दाम में 200-300 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। करनाल में 1509 स्टीम तथा 1718 सेला चावल का भाव 300-300 रुपए उछलकर क्रमश: 7000 रुपए एवं 6300 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। यही स्थिति दिल्ली के नया बाजार में देखी गई जहां लगभग सभी किस्मों एवं श्रेणियों के चावल की कीमत में 100 से 300 रुपए प्रति क्विंटल तक की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।
