साप्ताहिक समीक्षा- धान-चावल

20-Sep-2025 08:44 PM

सीजन के अंत में आपूर्ति बढ़ने से धान-चावल में मिश्रित रुख  

नई दिल्ली। 2024-25 का मार्केटिंग सीजन चालू सीजन के अंत में समाप्त हो जाएगा और अगले महीने (अक्टूबर 2025) से धान के नए माल की आवक शुरू हो जाएगी। इसे देखते हुए उत्पादकों एवं स्टॉकिस्टों ने धान की बिक्री बढ़ानी शुरू कर दी है। 
पंजाब 
हालांकि इस वर्ष पंजाब में आई भयंकर बाढ़ से बासमती धान की फसल को काफी नुकसान होने की आशंका व्यक्त की जा रही है जिससे बासमती चावल की उपलब्धता में कमी आ सकती है मगर नए मार्केटिंग सीजन में जोरदार अवाक् होने पर कीमतों में नरमी का रूख भी बन सकता है। 
आवक 
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 13-19 सितम्बर वाले सप्ताह के दौरान दिल्ली की नरेला मंडी में धान की दैनिक आवक 15 से 25 हजार बोरी के बीच हुई और केवल 1509 हैण्ड का बढ़िया कारोबार होने से भाव 82 रुपए सुधरकर 3182 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया 1509 बासमती धान की आवक अन्य मंडियों में भी बढ़ रही है क्योंकि इसकी नई फसल की कटाई- तैयारी सबसे पहले शुरू हो जाती है। इसकी आवक आगामी दिनों में तेजी से बढ़ती जाएगी। 
छत्तीसगढ़ / अमृतसर 
छत्तीसगढ़ की भाटापाड़ा मंडी में 4500-5500 बोरी तथा राजिम मंडी में 2500-5000 बोरी के बीच धान की दैनिक आवक  हुई मगर कीमतों में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ। पंजाब के अमृतसर में रोजाना 20-30 हजार बोरी धान पहुंच रहा है और मिलर्स / प्रोसेर्स इसकी खरीद के लिए कुछ इंतजार के मूड में हैं। तरन तारन में भी आवक तेजी से बढ़ने लगी है। 
उत्तर प्रदेश 
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी, जहांगीराबाद, शाहजहांपुर, अलीगढ तथा खैर में धान की भारी आवक होने के संकेत मिल रहे हैं मगर कीमतों में कोई खास उतार-चढ़ाव नहीं देखा जा रहा है। हरियाणा में भी नया धान आने की सूचना मिल रही है। राजस्थान में धान की सीमित आवक हो रही है।
चावल   
जहां तक चावल का सवाल है तो अच्छी निर्यात मांग मजबूत बनी हुई है और घरेलू मांग बढ़ने की संभावना है। सरकार अपने स्टॉक की चौतरफा बिक्री कर है ताकि अगले माल के सुरक्षित भंडारण के लिए गोदामों में जगह खाली हो सके। बासमती हौले का निर्यात प्रदर्शन बेहतर चल रहा है। 
भाटापाड़ा 
भाटापाड़ा मंडी में 13-19 सितम्बर के दौरान एचएमटी और श्रीराम चावल के दाम में 100-100 रुपए की तेजी दर्ज की गई। अमृतसर में भी 1509 स्टीम चावल का भाव 100 रुपए तेज रहा। उत्तराखंड की नगर मंडी में चावल के दाम में मिश्रित रुख देखा गया जबकि हरियाणा की करनाल मंडी में स्थिरता रही। 
दिल्ली 
दिल्ली के नया बाजार में शरबती स्टीम चावल का भाव 200 रुपए बढ़कर 5200/5500 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा मगर सुगंधा सेला एवं सुगंधा स्टीम चावल की कीमतों में 100-100 रुपए प्रति क्विंटल की नरमी दर्ज की गई।