सिर्फ चना की बदौलत रबी कालीन दलहनों के बिजाई क्षेत्र में बढ़ोत्तरी

23-Dec-2025 05:05 PM

नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्रालय की नीवनतम साप्ताहिक रिपोर्ट से पता चलता है कि मौजूदा रबी सीजन में 19 दिसम्बर 2025 तक दलहन फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र बढ़कर 126.74 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया जो पिछले साल की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 123.02 लाख हेक्टेयर से 3.72 लाख हेक्टेयर ज्यादा है।

इस वृद्धि में केवल चना का योगदान रहा जबकि अन्य दलहन फसलों का रकबा गत वर्ष से पीछे चल रहा है। रबी कालीन दलहन फसलों का सामान्य औसत क्षेत्रफल इस बार 140.42 लाख हेक्टेयर नियत हुआ है।

उल्लेखनीय है कि 2024-25 के सम्पूर्ण रबी सीजन के दौरान कुल 134.08 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में दलहनों की खेती हुई थी इसके तहत चना का बिजाई क्षेत्र 91.22 लाख हेक्टेयर, मसूर का 17 लाख हेक्टेयर, उड़द का 6.18 लाख हेक्टेयर और मूंग का उत्पादन क्षेत्र 1.36 लाख हेक्टेयर शामिल था।

इसके अलावा रबी सीजन में मटर, कुलथी एवं खेसारी सहित कुछ अन्य दलहनों की बिजाई भी होती है लेकिन उसके लिए सरकार द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का निर्धारण नहीं किया जाता है। 

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार पिछले साल की तुलना में वर्तमान रबी सीजन के दौरान चना का उत्पादन क्षेत्र तो 86.81 लाख हेक्टेयर से उछलकर 91.70 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा मगर मसूर का बिजाई क्षेत्र 15.83 लाख हेक्टेयर से फिसलकर 15.76 लाख हेक्टेयर,

मटर का क्षेत्रफल 8.27 लाख हेक्टेयर से घटकर 7.92 लाख हेक्टेयर, कुलथी का क्षेत्रफल 1.99 लाख हेक्टेयर से गिरकर 1.73 लाख हेक्टेयर तथा खेसारी का रकबा 2.77 लाख हेक्टेयर से फिसलकर 2.70 लाख हेक्टेयर पर अटक गया।

इसके अलावा उड़द का उत्पादन क्षेत्र गत वर्ष के 3.48 लाख हेक्टेयर से घटकर 3.13 लाख हेक्टेयर और मूंग का बिजाई क्षेत्र 43 हजार हेक्टेयर से फिसलकर 42 हजार हेक्टेयर रह गया।

ध्यान देने की बात है कि उड़द और मूंग की खेती खरीफ, रबी एवं जायद-तीनों सीजन में होती है। इस बार अन्य रबी कालीन दलहन फसलों का उत्पादन क्षेत्र भी गत वर्ष के 3.44 लाख हेक्टेयर से गिरकर 3.37 लाख हेक्टेयर पर रह गया। दलहनों की बिजाई अभी जारी है।