सस्कैचवान प्रान्त में 12 मई तक 49 प्रतिशत क्षेत्र में फसलों की बिजाई पूरी

16-May-2025 04:15 PM

रेगिना। कनाडा के सबसे प्रमुख कृषि उत्पादक प्रान्त- सस्कैचवान में पिछले सप्ताह सीमित बारिश होने से किसानों को विभिन्न फसलों की बिजाई की गति बढ़ाने का अच्छा अवसर मिल गया। राज्य कृषि विभाग के अनुसार सस्कैचवान में 6 से 12 मई वाले सप्ताह के दौरान लगभग 49 प्रतिशत क्षेत्र में विभिन्न फसलों की बिजाई पूरी हो गई।

यह रकबा 1-6 मई वाले सप्ताह की तुलना में 31 प्रतिशत ज्यादा तथा इसके अलावा यह क्षेत्रफल पंचवर्षीय औसत 32 प्रतिशत तथा दस वर्षीय औसत 34 प्रतिशत से भी काफी अधिक है। 

सस्कैचवान के सभी इलाकों में समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान कृषि फसलों के बिजाई  क्षेत्र में अच्छी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। वर्तमान समय में राज्य का दक्षिण-पश्चिम भाग बिजाई के मामले में अन्य क्षेत्रों से काफी आगे है।

वहां अब तक 76 प्रतिशत चिन्हित क्षेत्र में बिजाई की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसके बाद पश्चिमोत्तर भाग में 49 प्रतिशत, दक्षिण-पूर्वी, मध्य पश्चिमी तथा पूर्वोत्तर इलाकों में 43-43 प्रतिशत और पूर्व मध्यवर्ती हिस्से में 33 प्रतिशत क्षेत्र में फसलों की बिजाई पूरी होने की सूचना मिल रही है। 

बिजाई में प्रगति के मामले में दलहन फसलें सबसे आगे हैं। राज्य में 12 मई तक मटर की 78 प्रतिशत, मसूर की 71 प्रतिशत और काबुली चना की 65 प्रतिशत बिजाई पूरी हो चुकी है जबकि अनाजी फसलों के संवर्ग में ट्रिटीकेल का क्षेत्रफल 73 प्रतिशत,

ड्यूरम गेहूं का 65 प्रतिशत, बसंतकालीन गेहूं का 53 प्रतिशत, जौ का 45 प्रतिशत, जई का 28 प्रतिशत और कैनेरी सीड का क्षेत्रफल 23 प्रतिशत पर पहुंचा है।

तिलहन फसलों में सरसों की बिजाई 66 प्रतिशत क्षेत्र में हुई है जबकि कैनोला का रकबा 29 प्रतिशत एवं अलसी का क्षेत्रफल 28 प्रतिशत तक पहुंचा है। सोयाबीन की बिजाई केवल 14 प्रतिशत ही हुई है। 

6 से 12 मई वाले सप्ताह के दौरान सस्कैचवान प्रान्त में वर्षा काफी सीमित क्षेत्र में हुई और इसकी तीव्रता भी ज्यादा नहीं रही। शुष्क एवं गर्म मौसम के कारण खेतों की मिटटी से नमी सूखने की गति बढ़ गई है।

प्रांतीय स्तर पर खेतों की मिटटी में नमी का अंश 1 प्रतिशत भाग में अधिशेष, 61 प्रतिशत भाग में पर्याप्त, 35 प्रतिशत क्षेत्र में सामान्य से कम और 3 प्रतिशत क्षेत्र में बहुत कम आंका गया है।