सुस्त कारोबार के कारण धनिया में फिलहाल भारी तेजी की उम्मीद कम
14-May-2026 07:59 PM
नई दिल्ली। रबी सीजन में उत्पादित होने वाली एक महत्वपूर्ण मसाला- की नई फसल की कटाई-तैयारी समाप्त होने के बाद किसानों के पास माल का स्टॉक पहुंच गया है लेकिन प्रमुख मंडियों में भाव कमजोर होने से उत्पादक सीमित मात्रा में अपना माल उतार रहे हैं। घरेलू एवं निर्यात मांग सुस्त होने से कीमतों में तेजी-मजबूती का माहौल नहीं बन रहा है।
गुजरात, राजस्थान एवं मध्य प्रदेश जैसे शीर्ष उत्पादक प्रांतों की मंडियों में धनिया की आपूर्ति सामान्य स्तर से कुछ कम हो रही है जबकि इसकी आवक का अभी पीक सीजन चल रहा है। 2025-26 के वर्तमान सीजन में धनिया का घरेलू उत्पादन कुछ कम होने की संभावना व्यक्त की जा रही है लेकिन पिछले स्टॉक के साथ इसकी आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति सुगम बनी रह सकती है।
राजस्थान की मंडियों में 1000 से 3500 बोरी तक धनिया की औसत दैनिक आवक होने की सूचना मिल रही है। कीमत भी 11,000-12,000 रुपए प्रति क्विंटल के बीच बताया जा रहा है। लेकिन उत्पादकों को आगामी समय में भाव कुछ और तेज होने की उम्मीद है इसलिए वे अपने माल को जल्दी-जल्दी मंडियों में उतारने की कोशिश नहीं कर रहे हैं।
व्यापार विश्लेषकों का कहना है कि आगामी समय में धनिया का भाव इसकी घरेलू एवं निर्यात मांग पर निर्भर करेगा। पिछले वित्त वर्ष के दौरान धनिया का निर्यात प्रदर्शन बेहतर रहा लेकिन चालू वित्त वर्ष में इसमें पश्चिम एशिया संकट के कारण कुछ समस्या पैदा हो सकती है। बाजार भाव अभी उत्पादकों के लिए आकर्षक स्तर पर माना जा सकता है।
