तुर्किए में अनाज का उत्पादन घटा- दलहनों का बढ़ा

07-May-2025 08:20 PM

अंकारा। आधिकारिक आंकड़ों से पता चलता है कि तुर्किए में वर्ष 2024 के दौरान अनाज के उत्पादन में भारी गिरावट आ गई मगर दलहन की कहानी इससे अलग रही।

हरी मसूर की पैदावार में जोरदार वृद्धि हुई जबकि चना (काबुली सहित) का उत्पादन लगभग स्थिर रहा। सरकारी एजेंसी- तुर्क स्टेट के अनुसार वर्ष 2023 की तुलना में 2024 के दौरान अनाज एवं अन्य फसलों के उत्पादन में 5 प्रतिशत की गिरावट आई।

इसके तहत गेहूं का उत्पादन 6 प्रतिशत गिरकर 208 लाख टन, मक्का का उत्पादन 10 प्रतिशत घटकर 81 लाख टन तथा जौ का उत्पादन 12 प्रतिशत घटकर 81 लाख टन रह गया। 

दूसरी ओर मटर का उत्पादन 41 प्रतिशत बढ़कर 5353 टन तथा हरी मसूर का उत्पादन 42 प्रतिशत उछलकर 71 हजार टन पर पहुंच गया जबकि चना का उत्पादन 5.75 लाख टन के पिछले स्तर पर बरकरार रहा। इसके विपरीत लाल मसूर का उत्पादन 5 प्रतिशत गिरकर 4.05 लाख टन तथा सूखी बीन्स  16 प्रतिशत घटकर 2.79 लाख टन रह गया। 

अप्रैल में हुई बारिश से वर्ष 2025 में अनाज का उत्पादन सुधरने की उम्मीद है। कई क्षेत्रों में फसल को राहत मिली है। अनातोलिया प्रान्त में सूखे का संकट बरकरार है। तुर्किए में चालू वर्ष के दौरान अनाज का औसत उत्पादन होने के आसार हैं।

तुर्किए से अनाजों एवं दलहनों का निर्यात मुख्यतः अल्जीरिया, इराक, इटली, मोरक्को तथा चीन जैसे देशों को किया जाता है। दूसरी ओर तुर्किए में इन कृषि एवं खाद्य  का आयात मुख्यत: रूस, कनाडा, मैक्सिको, अमरीका एवं कजाकिस्तान से होता है।

रूस से गेहूं तथा मटर-मसूर का आयात होता है। कनाडा से मसूर एवं काबुली चना मंगाया जाता है। तुर्किए मसूर का आयात और निर्यात दोनों करता है।