देश में किसी चीज की कोई कमी नहीं है - कृषि मंत्री

09-May-2025 08:09 PM

नई दिल्ली। पाकिस्तान के साथ जारी संघर्ष के बीच केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने वक्तव्य में कहा है कि सीमा सरहद पर जवान तथा खेत में किसान पूरी तरह मुस्तैदी से डटे हुए हैं और ऐसी हालत में कृषि मंत्रालय अपनी ओर से कोई कसर नहीं छोड़ेगा।

देश में खाद्यान्न के भंडार भरे हुए हैं तथा फसलों एवं सब्जियों का भी पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। कृषि मंत्री के मुताबिक चावल और गेहूं का भरपूर स्टॉक है और दाल-दलहन का भंडार भी है।

देश में किसी चीज की कोई कमी नहीं है और कीमतों में स्थिरता बनी हुई है। आम लोगों को सभी आवश्यक वस्तुएं उचित दाम पर पर्याप्त मात्रा में मुहैया करवाई जाएगी।

देश में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। जम्मू कश्मीर, पंजाब, राजस्थान एवं गुजरात जैसे सीमावर्ती राज्यों के मुख्य मंत्रियों के साथ चर्चा की जाएगी और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता के बारे में अधिकारिक स्तर पर भी बातचीत होगी।

सारा देश एक सूत्र में बंधा हुआ है। वर्तमान परिस्थतियों में देश का कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय भी पूरी तरह साथ देने के लिए तैयार हैं।

कृषि मंत्री के अनुसार किसानों की हर संभव सहायता के लिए उनका मंत्रालय तैयार है और इसमें कोई कोर कसर बाकी नहीं रखी जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों से देश में खाद्यान्न एवं फल-सब्जी के उत्पादन, फसलों की बिजाई तथा आवश्यक वस्तुओ की उपलब्धता के बारे में तमाम जानकारी प्राप्त करने के बाद अधिकारियों को निर्देश दिया कि मौजूदा परिस्थितियों में किसानों को कोई कठिनाई या दिक्कत न हो, इसकी पक्की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

जिस तरह भारतीय फौज सीमा पर पाकिस्तान को धूल चटा रही है उसी तरह कृषि मंत्रालय भी किसानों की समस्याओं को समाप्त करने में प्रतिबद्ध है। देश में चावल, गेहूं एवं अन्य अनाजों का भरपूर स्टॉक है। इस बार उत्पादन बम्पर हुआ है और किसानों से खरीद भी जारी है।