देश में तीन-चौथाई जलाशयों में पानी का भंडार आधा से कम

09-May-2026 12:50 PM

नई दिल्ली। केन्द्रीय जल आयोग के नवीनतम आंकड़ों से पता चलता है कि देश के 166 प्रमुख बांधों- जलाशयों में पानी का भंडार घटकर 66.830 बिलियन क्यूबिक मीटर (बीसीएम) रह गया है जो उसकी कुल भंडारण क्षमता 183.565 बीसीएम का महज 36 प्रतिशत है।

55 प्रतिशत से अधिक बांधों में 40 प्रतिशत से कम पानी बचा हुआ है जबकि कुल मिलाकर तीन-चौथाई जलाशय पानी से आधा खाली हो चुका है। लेकिन इसके बावजूद मौजूद जल स्तर गत वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 14 प्रतिशत बिंदु तथा दस वर्षीय औसत की तुलना में 25 प्रतिशत बिंदु ऊंचा है। पिछले साल जल स्तर काफी घट गया था। 

मौसम विभाग के आंकड़ों से ज्ञात होता है कि 1 मार्च से 7 मई के दौरान देश के 725 जिलों में से 28 प्रतिशत जिलों में वर्षा नहीं या नगण्य हुई। उससे पूर्व जनवरी-फरवरी 2026 में देश के 70 प्रतिशत से अधिक भाग में वर्षा का भारी अभाव दर्ज किया गया था। 

वर्तमान समय में देश के 92 जलाशयों में भंडारण क्षमता के सापेक्ष 40 प्रतिशत से कम पानी बचा हुआ है। देश के सभी 5 संभागों में जल स्तर घटकर 45 प्रतिशत से नीचे आ गया है। दक्षिण भारत में पानी का सबसे कम भंडार मौजूद है।

अगर मई-जून में अच्छी वर्षा नहीं हुई तो खरीफ फसलों की अगैती बिजाई पर गंभीर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। वैसे भी इस वर्ष अल नीनो मौसम चक्र के प्रभाव से दक्षिण-पश्चिम मानसून के कमजोर रहने की संभावना है जिससे जुलाई-अगस्त में बिजाई प्रभावित हो सकती है।