Home News

उत्पादक मंडियों में मूंग के भाव स्थिर, सरकारी स्टॉक से तेजी सीमित

28-Oct-2026 06:30 PM

उत्पादक मंडियों में मूंग के भाव स्थिर, सरकारी स्टॉक से तेजी सीमित

उत्पादक मंडियों में मूंग की कीमतें अधिकांशतः स्थिर बनी हुई हैं। व्यापारियों के अनुसार, खरीफ मूंग की आवक सामान्य बनी हुई है, जबकि दाल मिलर्स जरूरत के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं। दूसरी ओर, केंद्र सरकार द्वारा केंद्रीय पूल से मूंग की बिक्री किए जाने के कारण कीमतों में फिलहाल सीमित घट-बढ़ रहने की संभावना है। चालू खरीफ सीजन में मानसूनी बारिश की कमी के चलते कई राज्यों में मूंग की उत्पादकता प्रभावित हुई है। इससे व्यापारी उत्पादन अनुमान कम मान रहे हैं। हालांकि, केंद्रीय पूल में 8 लाख टन से अधिक मूंग का स्टॉक होने से बाजार में आपूर्ति का दबाव बना हुआ है। दक्षिण भारत के राज्यों में खरीफ मूंग की आवक पिछले वर्ष की तुलना में कम बताई जा रही है। मांग और उपलब्धता के बीच संतुलन के चलते कीमतों में फिलहाल बड़ी तेजी या गिरावट की संभावना सीमित है। लिवाली कमजोर बनी रहने से आज दिल्ली मूंग के भाव 7800/8500 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रहे। इसी प्रकार जयपुर मूंग भी 7200/7700 रुपए प्रति क्विंटल पर रुकी रही। सिमित लिवाली के चलते इंदौर मूंग के भाव 8000/8500 रुपए व अकोला चमकी 9300 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रहे। 

बाजार दृष्टिकोण: कमजोर उत्पादकता के अनुमान और कुछ राज्यों में कम आवक से मूंग की कीमतों को समर्थन मिल सकता है। हालांकि, केंद्रीय पूल में उपलब्ध भारी स्टॉक और सरकारी बिक्री के कारण तेजी सीमित रहने की संभावना है।