उत्तर प्रदेश में मौसम ठंडा होने तथा कहीं-कहीं वर्षा होने की संभावना

11-Mar-2025 03:25 PM

मुजफ्फरनगर। देश के सबसे प्रमुख कृषि उत्पादक राज्य- उत्तर प्रदेश में चालू सप्ताह के दौरान मौसम का मिजाज बदलने, तापमान में गिरावट आने, बदल छाए रहने तथा पश्चिमी विक्षोह के प्रभाव से कहीं-कहीं वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार 11-12 मार्च को राज्य के कई भागों में 20 से 30 कि०मी० प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा का प्रवाह हो सकता है जबकि 13-14 मार्च को कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।

इससे रबी फसलों को आमतौर पर राहत मिलने की उम्मीद है लेकिन जिन क्षेत्रों में फसलें पककर कटाई के लिए तैयार हो गई हैं वहां बारिश से कुछ नुकसान हो सकता है। 

उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों के अंदर तापमान तेजी से बढ़ा है। अगले तीन-चार दिनों तक इसके स्थिर रहने का कुछ नीचे आने की संभावना है लेकिन उसके बाद इसमें पुनः वृद्धि हो सकती है।

होली के आसपास दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तथा रात का तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाने की संभावना है जो रबी फसलों के लिए अनुकूल नही होगा। 

मौसम अपडेट में कहा गया है कि 11 मार्च को आसमान साफ रहेगा मगर राज्य के पूर्वी एवं पश्चिमी भाग में 20-30 कि०मी० प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी।

12 मार्च को भी मौसम की इस स्थिति में न्यारा बदलाव नहीं आएगा लेकिन 13 मार्च को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ भागों में हल्की से सामान्य बारिश हो सकती है जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम साफ रह सकता है। 14 मार्च को भी कमोबेश यही स्थिति रहेगी और उसके बाद 15 मार्च से मौसम पूरी तरह साफ हो जाएगा।

उत्तर प्रदेश में रबी सीजन के दौरान गेहूं के अलावा सरसों की भारी पैदावार होती है। वह मटर का सबसे प्रमुख तथा सरसों एवं मसूर का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक राज्य है। वहां रबी सीजन में चना की भी अच्छी खेती होती है।

राज्य में गेहूं की फसल कुछ इलाकों में पकने लगी है। राज्य सरकार ने 17 मार्च से इसकी खरीद आरंभ करने का प्लान बनाया है। सरसों के नए माल की आवक जल्दी ही जोर पकड़ने की संभावना है।

मसूर एवं मटर की फसल बुंदेलखंड संभाग में अच्छी हालत में बताई जा रही है। 15 मार्च से तापमान ऊंचा होने की आशंका है जिससे कहीं-कहीं रबी फसलें नियत समय से पहले ही पक सकती हैं।

पिछैती बिजाई वाली फसल के लिए ज्यादा खतरा नहीं होना चाहिए। वर्षा की स्थिति पर नजर रखने की आवश्यकता पड़ेगी।