विभिन्न राज्यों में गन्ना की जोरदार क्रशिंग जारी
12-Dec-2024 08:18 PM
नई दिल्ली । देश के तीनों शीर्ष चीनी उत्पादक राज्यों- महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश एवं कर्नाटक के साथ-साथ अन्य महत्वपूर्ण प्रांतों- तमिलनाडु, गुजरात, आंध्र प्रदेश- तेलंगाना, बिहार, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा एवं उत्तराखंड में गन्ना की जोरदार क्रशिंग हो रही है मगर औसत रिकवरी दर कम होने से चीनी का कुल उत्पादन गत वर्ष से पीछे चल रहा है।
वैसे भी 2023-24 के मुकाबले गन्ना का घरेलू उत्पादन 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन में 4531.58 लाख टन से 132.28 लाख टन घटकर 4399.30 लाख टन पर सिमट जाने का अनुमान स्वयं केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने लगाया है जबकि विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं एवं कीड़ों-रोगों के प्रकोप को देखते हुए गन्ना का वास्तविक उत्पादन सरकारी अनुमान से कम होने की संभावना है। इससे चीनी का उत्पादन घट सकता है।
पिछले मार्केटिंग सीजन में लगभग 21 लाख टन चीनी के समतुल्य गन्ना का उपयोग एथनॉल निर्माण में किया गया था जबकि चालू मार्केटिंग सीजन में इसकी मात्रा दोगुनी वृद्धि के साथ 40-42 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है।
यदि यह अनुमान सही साबित होता है तो खाद्य एवं औद्योगिक उद्देश्य के लिए शुद्ध चीनी का उत्पादन और भी घट सकता है। इसके बावजूद कम से कम 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन में देश के अंदर चीनी का अभाव महसूस नहीं होगा क्योंकि उद्योग के पास इसका विशाल बकाया स्टॉक मौजूद है। लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में देश से चीनी के व्यापारिक निर्यात की संभावना लगभग समाप्त हो जाएगी।
