यूक्रेन में सोयाबीन तथा सूरजमुखी फसल की जोरदार कटाई जारी
05-Sep-2025 05:58 PM
कीव। काला सागर क्षेत्र के देशों और खासकर रूस, यूक्रेन तथा रोमानिया में सूरजमुखी और सोयाबीन जैसी तिलहन फसलों की कटाई-तैयारी अगस्त के अंतिम सप्ताह से आरंभ हो गई जो अब धीरे-धीरे जोर पकड़ती जा रही है।
एक अग्रणी व्यापार विश्लेषक ने यूक्रेन में सूरजमुखी का उत्पादन अनुमान घटाकर 130 लाख टन के आसपास नियत किया है। विश्लेषक के मुताबिक फसल की प्रगति के चरण में मौसम की हालत प्रतिकूल रहने से यूक्रेन में सूरजमुखी की औसत उपज दर गत वर्ष के 1200-1600 किलो प्रति हेक्टेयर से लुढ़ककर इस बार 800 किलो प्रति हेक्टेयर के करीब अटक जाने की संभावना है। अनेक क्षेत्रों में इस बार फसल की कटाई में देर हो रही है और इसलिए वहां आगामी सौदों का अभाव देखा जा रहा है।
अगस्त माह के दौरान यूक्रेन से केवल 2.11 लाख टन खाद्य तेल (मुख्यत: सूरजमुखी तेल) का निर्यात हुआ। कमजोर मांग के कारण वहां बाजार में कोई खास हलचल नहीं देखी जा रही है।
रूस द्वारा चोर्नोमोर्स्क पर ड्रोन से भीषण हमला किए जाने के कारण बिजली की आपूर्ति अस्थायी रूप से ठप्प पड़ गई है और जहाजों का आवागमन अवरुद्ध हो गया है। ओडेसा बंदरगाह पर निर्यात उद्देश्य के लिए माल (खाद्य तेल) को पहुंचाने में कठिनाई हो रही है।
यूक्रेन में रिफाइंड सूरजमुखी तेल का निर्यात ऑफर मूल्य घटकर 1300 डॉलर प्रति टन तथा बोतल बंद तेल का भाव 1.38 डॉलर प्रति लीटर पर आ गया।
इसी तरह क्रूड सूरजमुखी तेल का निर्यात ऑफर मूल्य सितम्बर डिलीवरी के लिए 1215-1225 डॉलर प्रति टन तथा अक्टूबर शिपमेंट के लिए 1205-1210 डॉलर प्रति टन बताया जा रहा है।
हालांकि भारत की मांग मजबूत बनी हुई है लेकिन काला सागर क्षेत्र के बंदरगाहों पर अक्टूबर शिपमेंट के लिए सूरजमुखी तेल की कीमतों पर ज्यादा दबाव पड़ने की संभावना है
क्योंकि उसके बाद भारत में त्योहारों का सीजन समाप्त हो जाएगा। उधर रूस में सूरजमुखी सीड का उत्पादन तेजी से उछलकर 175-180 लाख टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान है।
