28 अप्रैल तक गेहूं की सरकारी खरीद 230 लाख टन के पार
28-Apr-2025 04:05 PM
नई दिल्ली। गेहूं की सरकारी खरीद का नवीनतम संशोधित आंकड़ा सामने आ गया है। इससे पता चलता है कि भारतीय खाद्य निगम एवं प्रांतीय एजेंसियों द्वारा अब तक कुल मिलाकर 230.31 लाख टन गेहूं खरीदा गया है जो पिछले साल की समान अवधि की खरीद 17803 लाख टन से 29 प्रतिशत ज्यादा और कुल नियत लक्ष्य 312.70 लाख टन का 74 प्रतिशत है।
पिछले साल की तुलना में चालू वर्ष के दौरान गेहूं की खरीद पंजाब में 76.86 लाख टन से उछलकर 89.65 लाख टन, हरियाणा में 59.35 लाख टन से बढ़कर 62.40 लाख टन, मध्य प्रदेश में 32.92 लाख टन से उछलकर 61.45 लाख टन, उत्तर प्रदेश में 5.25 लाख टन से सुधरकर 6.60 लाख टन तथा राजस्थान में 3.59 लाख टन से बढ़कर 10.06 लाख टन पर पहुंच गई।
मध्य प्रदेश में इस बार 60 लाख टन गेहूं की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया था जबकि वास्तविक खरीद उससे 1.45 लाख टन अधिक हो चुकी है और खरीद की प्रक्रिया अभी जारी है। अन्य प्रमुख उत्पादक राज्यों में भी खरीद का प्रदर्शन बेहतर चल रहा है।
खाद्य मंत्रालय ने इस बार पंजाब में 124 लाख टन, हरियाणा में 75 लाख टन, उत्तर प्रदेश में 30 लाख टन एवं राजस्थान में 20 लाख टन गेहूं की खरीद का लक्ष्य रखा है।
इसके अलावा बिहार में 2 लाख टन, गुजरात में 1 लाख टन, उत्तराखंड में 50 हजार टन तथा हिमाचल प्रदेश एवं जम्मू कश्मीर में 10-10 हजार टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
नियत लक्ष्य की तुलना में अभी तक पंजाब में 72 प्रतिशत, हरियाणा में 83 प्रतिशत, मध्य प्रदेश में 102 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश में 22 प्रतिशत तथा राजस्थान में 50 प्रतिशत गेहूं की खरीद हो चुकी है जबकि अन्य प्रांतों में 2 से 10 प्रतिशत के बीच गेहूं की खरीद हुई है।
राष्ट्रीय स्तर पर नियत लक्ष्य के सापेक्ष 74 प्रतिशत गेहूं खरीदा जा चुका है। सरकार को इस बार लक्ष्य हासिल होने का पक्का भरोसा है।
मध्य प्रदेश में 175 रुपए के अतिरिक्त बोनस के साथ 2600 रुपए प्रति क्विंटल तथा राजस्थान में 150 रुपए के बोनस के साथ 2575 रुपए प्रति क्विंटल की दर से गेहूं की सरकारी खरीद हो रही है।
उत्तर प्रदेश में गेहूं की खरीद का प्रदर्शन फीका है क्योंकि वहां प्राइवेट व्यापारी तथा फ्लोर मिलर्स अधिक मात्रा में खरीद का प्रयास कर रहे हैं। पंजाब में भी गेहूं की प्राइवेट खरीद गत वर्ष से ज्यादा हो रही है। पंजाब-हरियाणा में 15 मई तक गेहूं की सरकारी खरीद होगी।
