आठ महीनो में खाद्य तेलों का आयात लगभग 8 लाख टन घटा
14-Jul-2025 03:19 PM
मुंबई। मासिक आधार पर पिछले सीजन के मुकाबले नवंबर 2024 के बाद जून 2025 के दौरान खाद्य तेलों के आयात में थोड़ी वृद्धि हुई है साल्वेंट एक्स्टैक्टर्स एसोशिएशन ऑफ इण्डिया द्वारा संकलित आंकड़ों के अनुसार जून 2025 में 15,31,328 टन खाद्य तेलों का आयात हुआ जो जून 2024 के आयात 15,27,481 टन से कुछ अधिक रहा लेकिन विगत महीनो के कमजोर आयात के कारण वर्तमान मार्केटिंग सीजन के शुरुवाती 8 महीनो में यानि नवम्बर 2024 से जून 2025 के दौरान खाद्य तेलों का कुल आयात घटकर 92.09 लाख टन पर अटक गया जो 2023-24 सीजन के इन्ही महीनो के आयात 100.95 लाख टन से करीब 8.85 लाख टन कम है।
समीक्षाधीन अवधि के दौरान पाम संवर्ग के क्रूड एवं रिफाइंड खाद्य तेलों का आयात 57.65 लाख टन से घटकर 42.86 लाख टन तथा सूरजमुखी तेल का आयात 24.64 लाख टन से गिरकर 18.93 लाख टन पर अटक गया लेकिन क्रूड डिगम सायोबिन तेल का आयात 18.68 लाख टन से बढ़कर 30.30 लाख टन पर पहुंच गया। दरअसल जनवरी-अप्रैल 2025 के चार महीनो के दौरान देश में पाम तेल के आयात में जबरदस्त गिरावट आ गई और वह अंतर भी बरकरार है जबकि मई-जून के दौरान आयात में बढ़ोत्तरी दर्ज की गयी। जून 2025 में पाम तेल उत्पादों का आयात उछलकर 9.56 लाख टन परपहुंच गया जो वर्तमान सीजन के किसी एक माह का सर्वोच्च स्तर है इससे पूर्व नवंबर 2024 में 8.8 लाख टन पाम तेल का आयात हुआ था जबकि इसकी मात्रा सितम्बर में 5 लाख टन, जनवरी में 2.75 लाख टन , फरवरी में 3.74 लाख टन , मार्च में 4.25 लाख टन, अप्रैल में 3.21 लाख टन तथा मई में 5.93 लाख टन दर्ज की गई थी।
जून 2025 के दौरान देश में 3.60 लाख टन क्रूड सोयाबीन तेल का आयात हुआ जो मई के आयात से 3.99 लाख टन से 39 हजार टन कम रहा लेकिन क्रूड सूरजमुखी तेल का आयात इसी अवधि में 1.84 लाख टन से बढ़कर 2.16 लाख टन पर पहुंच गया। चालू वर्ष के शुरुआती चार महीनो के दौरान पाम तेल का भाव सोयाबीन तेल से ऊँचा रहा था जिससे भारत में इसका आयात प्रभावित हुआ।
