आंध्र प्रदेश के रायलसीमा में मूंगफली उत्पादक गंभीर संकट में

01-Jan-2026 05:40 PM

अनन्तपुर। दक्षिण भारत के एक महत्वपूर्ण कृषि उत्पादक राज्य - आंध्र प्रदेश के रायलसीमा संभाग में विभिन्न कारणों से मूंगफली उत्पादक किसानों को गंभीर संकट एवं चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश की कमी से लगातार सूखे का माहौल रहने, सरकार से नीतिगत सहयोग-समर्थन एवं प्रोत्साहन नहीं मिलने तथा थोक मंडी भाव न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से नीचे होने के कारण वहां मूंगफली की फसल अच्छी कमाई के लिए भरोसेमंद मानी जाती थी मगर अब किसानों के लिए घाटे का सौदा बनती जा रही है।

हाल के वर्षों में शुष्क एवं गर्म मौसम के कारण अनन्तपुर जिले में मूंगफली की औसत उपज दर तथा कुल पैदावार में काफी गिरावट आ गयी है। मूंगफली का दाम भी घटकर नीचे आया है। विदेशों से विशाल मात्रा में खाद्य तेलों का आयात होने से वहां मूंगफली तेल के मूल्य में भी कमी आई है इसलिए क्रशर्स-प्रोसेसर्स को किसानों से ऊंचे दाम पर मूंगफली खरीदने का प्रोत्साहन नहीं मिल रहा है। लगातार हो रहे आर्थिक नुकसान को देखते हुए वहां अनेक किसानों ने मूंगफली के बजे अन्य फसलों की खेती पर ज्यादा ध्यान देना शुरू कर दिया है। राज्य में मूंगफली का उत्पादन क्षेत्र 2025-26 के सीजन में 8.75 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया था जो 2024-25 तक आते-आते लुढ़ककर महज 1.94 लाख हेक्टेयर रह गया। दिक्कत यह है कि वैकल्पिक फसलों से भी किसानों को लाभप्रद आमदनी नहीं हो रही है। इस संभाग में कभी अत्यंत भारी बारिश होती थी मगर अब वर्षा का अभाव रहने लगा है।