आंध्र प्रदेश में फसलों को हुए नुकसान के बारे में कृषि मंत्री ने गृह मंत्री को रिपोर्ट सौंपी

12-Sep-2024 06:18 PM

नई दिल्ली । अत्यन्त मूसलाधार वर्षा एवं भयंकर बाढ़ के कारण आंध्र प्रदेश में खरीफ फसलों, सम्पत्तियों एवं बुनियादी ढांचागत सुविधाओं को हुए भारी नुकसान पर केन्द्रीय कृषि मंत्री ने अपनी विस्तृत रिपोर्ट तैयार करके गृह मंत्री को सौंप दिया है।

उल्लेखनीय है कि कृषि मंत्री ने आरंभिक स्तर पर महत्वपूर्ण जानकारी हासिल करने के लिए हाल ही में इस दक्षिणी राज्य के बाढ़ ग्रस्त इलाकों का दौरा किया था ताकि फसलों तथा सम्पत्तियों को हुए नुकसान की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सके।

केन्द्रीय कृषि मंत्री के अनुसार उन्होंने गृह मंत्री को अपनी रिपोर्ट सौंप दी है और उम्मीद है कि केन्द्रीय टीम जल्दी ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेगी और केन्द्र सरकार भी आंध्र प्रदेश को वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने में देर नहीं करेगी। 

ध्यान देने की बात है कि आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना में भारी वर्षा एवं बाढ़ से खरीफ फसलों को व्यापक नुकसान होने की आशंका व्यक्त की जा रही है जिसमें धान के साथ-साथ कपास, दलहन एवं तिलहनों की फसलें भी शामिल हैं।

बाढ़ राहत सहायता के तहत इन दोनों राज्यों के लिए 3448 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं ताकि प्रभावित लोगों को तात्कालिक मदद मुहैया की जा सके।

आंध्र-तेलंगाना में बाढ़-वर्षा से लालमिर्च एवं हल्दी की फसल भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुई है। केन्द्र सरकार ने इन दोनों प्रांतों को पर्याप्त सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया है।

आंध्र प्रदेश केन्द्रीय सत्ता के लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण प्रान्त बना हुआ है इसलिए सरकार उसे नजरअंदाज नहीं कर सकती है।