आंध्र प्रदेश में रबी फसलों का रकबा 46 प्रतिशत बढ़ा

20-Mar-2026 09:02 PM

विजयवाड़ा। दक्षिण भारत के एक महत्वपूर्ण कृषि उत्पादक राज्य- आंध्र प्रदेश में इस वर्ष रबी एवं जायद सीजन की फसलों का कुल रकबा उछलकर 27.50 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया है जो गत वर्ष की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 18.80 लाख हेक्टेयर से 46 प्रतिशत ज्यादा है।

राज्य कृषि विभाग की नई रिपोर्ट के अनुसार रबी फसलों का सामान्य औसत क्षेत्रफल इस बार 20.70 लाख हेक्टेयर आंका गया है जबकि वास्तविक रकबा इससे भी काफी आगे निकल गया है। इसमें विस्तारित रबी सीजन का रकबा भी शामिल है। 

कृषि विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 2024-25 की तुलना में 2025-26 सीजन के दौरान राज्य में धान का उत्पादन क्षेत्र 6.71 लाख हेक्टेयर से उछलकर 9.17 लाख हेक्टेयर, मक्का का बिजाई क्षेत्र 1.87 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 5.00 लाख हेक्टेयर तथा ज्वार का क्षेत्रफल 79 हजार हेक्टेयर से सुधरकर 1.15 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया।

इसी तरह दलहन फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र गत वर्ष के 7.41 लाख हेक्टेयर से उछलकर इस बार 9.17 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा।

इसके तहत चना का बिजाई क्षेत्र 3.03 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 4.12 लाख हेक्टेयर, उड़द का क्षेत्रफल 2.80 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 3.34 लाख हेक्टेयर तथा मूंग का रकबा 56 हजार हेक्टेयर से सुधरकर 78 हजार हेक्टेयर पर पहुंच गया। इस अवधि में तिलहन फसलों का रकबा भी 73 हजार हेक्टेयर से बढ़कर 1.35 लाख हेक्टेयर हो गया।