चालू सीजन के लिए 87,587 टन चीनी का अतिरिक्त निर्यात कोटा

20-Mar-2026 08:45 PM

नई दिल्ली। स्वदेशी उद्योग के विशेष आग्रह पर केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय ने 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) के लिए 87,587 टन चीनी के अतिरिक्त निर्यात कोटे को मंजूरी प्रदान कर दी है।

उल्लेखनीय है कि सरकार ने मौजूदा मार्केटिंग सीजन के लिए पहले 15 लाख टन चीनी के निर्यात की अनुमति दी थी और फिर फरवरी में 5 लाख टन का अतिरिक्त निर्यात कोटा आवंटित किया था।

इस 5 लाख टन के अतिरिक्त कोटे के अंतर्गत मिलर्स ने कुछ भाग के आवंटन के लिए आवेदन किया था और इसके आधार पर खाद्य मंत्रालय ने 87.587 टन का निर्यात कोटा स्वीकार किया।

शेष चीनी का निर्यात कोटा वैसे ही पड़ा रह जाएगा। मिलों को 30 जून 2026 तक कुल आवंटित कोटे की चीनी का निर्यात करना होगा।

जो मिलें अपने आवंटित कोटे के 70 प्रतिशत भाग का निर्यात 30 जून तक करेंगी उन्हें अतिरिक्त कोटा आवंटित किया जाएगा जिसका शिपमेंट 30 सितम्बर 2026 तक किया जा सकेगा। फरवरी 2026 के अंत तक देश से करीब 3.15 लाख टन चीनी का निर्यात हुआ था।