निर्यात प्रदर्शन बेहतर होने के बावजूद कनाडा में काबुली चना का भारी स्टॉक
20-Mar-2026 08:51 PM
टोरंटो। कनाडा में 2024-25 की तुलना में 2025-26 के मौजूदा मार्केटिंग सीजन के दौरान काबुली चना के निर्यात में अच्छी बढ़ोत्तरी होने के संकेत मिल रहे हैं। अमरीका, यूरोपीय संघ एवं मध्य पूर्व एशिया इसके प्रमुख बाजार बने हुए हैं जहां काबुली चना की मांग मजबूत रही है।
लेकिन बेहतर निर्यात प्रदर्शन के बावजूद कनाडा में चालू मार्केटिंग सीजन के अंत में वहां काबुली चना का भारी भरकम बकाया स्टॉक मौजूद रहने की संभावना है क्योंकि एक तो 2025-26 के सीजन में वहां इसका रिकॉर्ड उत्पादन हुआ और दूसरे, पिछला बकाया स्टॉक भी मौजूद था जिससे इसकी कुल उपलब्धता काफी बढ़ गई।
उधर अमरीका में भी काबुली चना का उत्पादन 20 प्रतिशत बढ़कर 3.10 लाख टन पर पहुंचा लेकिन फिर भी वहां कनाडाई काबुली चना की मांग में अच्छी बढ़ोत्तरी देखी जा रही है।
कनाडा के कृषि मंत्रालय का कहना है कि भारी-भरकम बकाया स्टॉक तथा अन्य फसलों की तुलना में कम वापसी हासिल होने की संभावना के बावजूद 2026-27 के सीजन में काबुली चना का बिजाई क्षेत्र 14 हजार हेक्टेयर बढ़ सकता है लेकिन उपज दर में गिरावट आने की संभावना है जिससे इसका कुल उत्पादन घटकर 3.40 लाख टन पर अटक सकता है।
इसके बावजूद विशाल बकाया स्टॉक के कारण इसकी कुल उपलब्धता में बढ़ोत्तरी होगी। इसका निर्यात 2025-26 सीजन के स्तर के आसपास ही होने की उम्मीद है जबकि औसत मूल्य कुछ ऊंचा रह सकता है।
