आंध्र प्रदेश में रबी फसलों का रकबा बढ़कर 12 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा
02-Jan-2026 04:24 PM
विजयवाड़ा। देश के दक्षिणी राज्य- आंध्र प्रदेश में रबी फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र बढ़कर इस बार 12 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया है जो पिछले साल की समानअवधि के बिजाई क्षेत्र 10.60 लाख हेक्टेयर से करीब 13 प्रतिशत या 1.40 लाख हेक्टेयर ज्यादा है।
राज्य कृषि विभाग ने इस बार रबी फसलों की खेती का कुल लक्ष्य 19.40 लाख हेक्टेयर निर्धारित किया है जिसके 62 प्रतिशत भाग में बिजाई अब तक पूरी हो चुकी है।
कृषि विभाग की नई रिपोर्ट के अनुसार पिछले सीजन की तुलना में मौजूदा रबी सीजन के दौरान आंध्र प्रदेश में धान का उत्पादन क्षेत्र 2.21 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 3.00 लाख हेक्टेयर, मक्का का बिजाई क्षेत्र 95 हजार हेक्टेयर से उछलकर 1.99 लाख हेक्टेयर तथा चना का क्षेत्रफल 2.78 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा।
चना का रकबा गत वर्ष के लगभग बराबर ही है। इसकी तरह उड़द का रकबा गत वर्ष के 1.70 लाख हेक्टेयर से बढ़कर इस बार 1.78 लाख हेक्टेयर तथा मूंग का क्षेत्रफल 26 हजार हेक्टेयर से सुधरकर 32 हजार हेक्टेयर पर पहुंच गया। अन्य दलहनों की बिजाई कम क्षेत्रफल में हुई जिससे वहां रबी दलहनों का कुल उत्पादन क्षेत्र 5.62 लाख हेक्टेयर से घटकर 5.35 लाख हेक्टेयर रह गया।
जहां तक तिलहन फसलों का सवाल है तो इसका कुल उत्पादन क्षेत्र पिछले साल के 41 हजार हेक्टेयर से सुधरकर इस बार 43 हजार हेक्टेयर पर पहुंचा।
वैसे मूंगफली का रकबा 36 हजार हेक्टेयर से गिरकर 33 हजार हेक्टेयर पर अटक गया। उपरोक्त फसलों के अलावा आंध्र प्रदेश में रबी सीजन के दौरान कई अन्य फसलों की खेती भी होती है। लेकिन राज्य में सरसों का उत्पादन नहीं होता है।
आंध्र प्रदेश में खरीफ कालीन फसलों- धान, अरंडी, मूंगफली एवं गन्ना आदि की कटाई-तैयारी अभी जारी है। तुवर की नई फसल की कटाई भी आरंभ होने वाली है जबकि कपास की तुड़ाई-तैयारी तीसरे चरण में पहुंच गई है। राज्य में बारिश की स्थिति अच्छी है।
