आयातकों की जोरदार मांग से वियतनामी चावल के निर्यात की गति तेज

19-Mar-2025 08:16 PM

हो ची मिन्ह सिटी। आपूर्ति एवं उपलब्धता की सुगम स्थिति के कारण वियतनाम में चावल का भाव लगभग स्थिर बना हुआ है लेकिन आयातकों की जबरदस्त मांग को देखते हुए आगामी समय में यह कुछ ऊंचा और मजबूत हो सकता है।

वियतनाम क्रूड  एसोसिएशन (वीएफए) के वाइस चेयरमैन का कहना है कि खरीदारों की मांग काफी मजबूत बनी हुई है जिसका प्रमाण यह है कि चालू वर्ष के शुरुआती दो महीनों में यानी जनवरी-फरवरी 2025 के दौरान देश से चावल का निर्यात बढ़कर 10 लाख टन से ऊपर पहुंच गया। खरीदारों की मांग अभी भी बरकरार है। 

वियतनाम में फिलहाल शीत- बसंतकालीन धान की कटाई-तैयारी जारी है और अनुकूल मौसम के कारण इस धान तथा उससे निर्मित चावल की क्वालिटी बहुत अच्छी देखी जा रही है।

इसके फलस्वरूप विदेशी आयातकों के लिए वियतनामी चावल की खरीद के लिए अभी समय बहुत महत्वपूर्ण साबित हो रहा है।

जिन देशों में चावल के भारी आयात की आवश्यकता है वे जल्दी ही इसकी खरीद में अच्छी सक्रियता दिखा सकते हैं।

इसका कारण यह है कि यदि आयातकों ने यह सीजन गंवा दिया तो बाद में उसे पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने में कठिनाई हो सकती है। 

एक अग्रणी व्यापार विश्लेषक के मुताबिक वियतनामी चावल की खरीद में फिलहाल मलेशिया, चीन तथा अफ्रीकी देशों की भारी दिलचस्पी देखी जा रही है जबकि फिलीपींस के खरीदार भी सक्रियता दिखा रहे हैं। इससे स्पष्ट संकेत मिलता है कि आगामी महीनों केदौरान वियतनाम से चावल का भारी निर्यात हो सकता है।

वियतनाम के कृषि मंत्री का कहना है कि बाजार की वर्तमान स्थिति सामंजस्य चरन की है जिसमें अक्सर चावल सहित अन्य कृषि उत्पादों की कमी को पूरा करने का प्रयास किया जाता है।

इसके बावजूद सरकार सजग-सतर्क है और बाजार की गतिविधियों की गहन निगरानी कर रही है ताकि घरेलू प्रभाग में चावल की पर्याप्त आपूर्ति एवं उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए कीमतों में तेजी को नियंत्रित किया जा सके।

वियतनाम सरकार चावल की घरेलू तथा निर्यात मांग में संतुलन बनाने के लिए प्रयासरत है। वियतनाम में इस वर्ष भी लगभग 78 लाख टन चावल के निर्यात लक्ष्य को बरकरार रखा गया है।