अच्छी उपलब्धता से कनाडा में काबुली चना का बाजार मंदा

30-Jan-2025 08:05 PM

टोरंटो । घरेलू एवं वैश्विक बाजार में आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति सुगम रहने से कनाडा में काबुली चना का भाव गत सप्ताह के मुकाबले चालू सप्ताह के दौरान कुछ नरम पड़ गया।

बड़े दाने वाले (मोटे) काबुली चना का भाव गिरकर 35-37 सेंट प्रति पौंड पर आ गया है लेकिन 9 मि०मी० आकार के माल का अधिक अंश होने से उसकी कीमतों में आगे कुछ सुधार आने की उम्मीद है।

दक्षिणी सस्कैचवान में छोटे दाने वाले काबुली चना की अच्छी मांग होने से इसकी कीमतों में 35 सेंट प्रति पौंड पर स्थिरता बनी हुई है।

लेकिन इसकी आगामी नई फसल की खरीद-बिक्री के लिए जो अग्रिम अनुबंध हो रहे हैं। उसके तहत काबुली चना का भाव 32-35 सेंट प्रति पौंड बताया जा रहा है।

कनाडा में अप्रैल-मई में नई फसल के लिए बिजाई प्रक्रिया शुरू होगी जबकि नए माल की आवक अगस्त-सितम्बर में आरंभ हो जाएगी। 

अमरीका परम्परागत रूप से कनाडाई काबुली चना का महत्वपूर्ण खरीदार रहा है लेकिन यदि वहां एक तरफा 25 प्रतिशत का आयात शुल्क लागू हुआ तो कनाडा के निर्यातकों के लिए मुसीबत बढ़ जाएगी।

अमरीका के खरीदार कनाडा में अगली नई फसल की खरीद का अनुबंध करने में सावधानी बरत रहे हैं। वैसे यूरोपीय संघ के सदस्य देशों के साथ-साथ मध्य पूर्व एशिया के देशों में काबुली चना की मांग मजबूत रहने के आसार हैं जिससे कनाडा के उत्पादकों एवं निर्यातकों को राहत मिल सकती है।

स्वयं अमरीका में काबुली चना का उत्पादन बढ़ाने का प्रयास किया जा सकता है ताकि कनाडा से आयात पर निर्भरता कम हो सके।