अगले महीने से शुरू होगा गन्ना की क्रशिंग का सीजन
11-Sep-2024 08:26 PM
नई दिल्ली । गन्ना की क्रशिंग एवं चीनी के उत्पादन का नया सीजन औपचारिक तौर पर अक्टूबर से आरंभ हो जाएगा मगर इसकी रफ्तार नवम्बर से बढ़नी शुरू होगी और जनवरी-फरवरी तक जारी रहने के बाद मार्च से धीमी पड़ने लगेगी।
सरकारी आंकड़ों से पता चलता है कि राष्ट्रीय स्तर पर गन्ना का उत्पादन क्षेत्र गत वर्ष के 57.11 लाख हेक्टेयर से 57 हजार हेक्टेयर बढ़कर इस बार 57.68 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा है मगर शीर्ष उद्योग संस्था- इस्मा ने उपग्रह से प्राप्त चित्र के आधार पर गन्ना का रकबा कुछ घटने की संभावना व्यक्त की है।
इसके अलावा कुछ क्षेत्रों में मूसलाधार वर्षा बाढ़ एवं जल-जमाव से भी गन्ना की फसल को नुकसान होने की खबर मिल रही है। उद्योग-व्यापार समीक्षकों के अनुसार चीनी मिलर्स एवं डिस्टीलर्स को 2024-25 के मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) में एथनॉल निर्माण के लिए गन्ना के नियंत्रण मुक्त उपयोग की अनुमति दी गई है
जबकि इस बार गन्ना के उत्पादन में वृद्धि होने की संभावना बहुत कम है। इसे देखते हुए चीनी का उत्पादन घट सकता है।
उद्योग समीक्षकों के अनुसार 2023-24 के मार्केटिंग सीजन में करीब 320 लाख टन चीनी का घरेलू उत्पादन हुआ। 2024-25 के सीजन में यदि उत्पादन 10 लाख टन घटकर 310 लाख टन पर भी आता है तो कोई समस्या पैदा नहीं होगी क्योंकि एक तो यह संभावित उत्पादन घरेलू मांग एवं खपत से ज्यादा है
और दूसरे, उद्योग के पास पहले से ही चीनी का विशाल बकाया अधिशेष स्टॉक मौजूद है। इसे देखते हुए आगामी मार्केटिंग सीजन में चीनी की आपूर्ति एवं उपलब्धता का कोई संकट पैदा नहीं होगा।
