अगस्त तक अफगानिस्तान से 7.75 करोड़ डॉलर के केसर एवं हींग का निर्यात
19-Oct-2024 12:14 PM
काबुल । अफगानिस्तान के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के आंकड़ों से पता चलता है कि चालू वर्ष के दौरान पिछले छह माह के अंदर देश से 7.75 करोड़ डॉलर मूल्य के केसर तथा फेरूला हींग का निर्यात किया गया।
यह निर्यात मार्च से अगस्त 2024 तक की अवधि का है। मंत्रालय के एक प्रवक्ता के अनुसार समीक्षाधीन अवधि के दौरान अफगानिस्तान से 2.05 करोड़ डॉलर मूल्य के 18 टन केसर तथा 5.70 करोड़ डॉलर मूल्य के 617 टन फेरूला हींग का निर्यात हुआ।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इस मूल्यवान मसालों की अधिकांश मात्रा का निर्यात चीन, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), भारत स्पेन,जर्मनी, उज्बेकिस्तान, अमरीका ब्रिटेन तथा इंडोनेशिया जैसे देशों को किया गया।
उल्लेखनीय है कि पीले फूलों एवं विशालकाय जड़ वाला फेरूला हींग मध्य एशिया एवं ईरान का परम्परागत उत्पाद माना जाता है जबकि वर्तमान समय में अफगानिस्तान में इसका उत्पादन बड़े पैमाने पर होता है और वहां से संसार के विभिन्न देशों में इसका निर्यात किया जाता है। इसमें भारत सहित कई अन्य देश सम्मिलित हैं।
दिलचस्प तथ्य यह है कि लगातार राजनैतिक अस्थिरता एवं लड़ाई के संकट से जूझने वाले मध्य एशियाई देश- अफगानिस्तान को कृषि मंत्रालय द्वारा केसर तथा फेरूला हींग का उत्पादन बढ़ाने हेतु किसानों को नियमित रूप से प्रोत्साहन एवं प्रशिक्षण दिया जा रहा है और उत्पादकों से उचित मूल्य पर उसका माल खरीदने का बेहतर प्रबंध भी किया गया है।
इससे देश को बहुमूल्य विदेशी मुद्रा की प्राप्ति हो रही है। अफगानिस्तान से निर्यात होने वाले प्रमुख सामानों में कोयला, केसर, फेरूला हींग, हस्त निर्मित कार्पेट तथा कीमती पत्थर आदि शामिल हैं।
