अक्टूबर के लिए इंडोनेशिया में सीपीओ पर 124 डॉलर प्रति टन का निर्यात टैक्स बरकरार
30-Sep-2025 06:06 PM
जकार्ता। मलेशिया में यद्यपि सितम्बर की तुलना में अक्टूबर माह के लिए क्रूड पाम तेल (सीपीओ) के लिए संदर्भ मूल्य (रिफरेंस प्राइस) में 8.90 डॉलर प्रति टन का इजाफा किया गया है लेकिन उस पर निर्यात टैक्स में कोई बदलाव या इजाफा नहीं किया गया है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार सितम्बर के लिए सीपीओ का संदर्भ मूल्य 954.71 डॉलर प्रति टन आंका गया था जबकि अक्टूबर 2025 के लिए यह 963.61 डॉलर प्रति टन नियत किया गया है।
इसके फलस्वरूप इंडोनेशिया में सीपीओ पर सितम्बर की भांति अक्टूबर में भी 124 डॉलर प्रति टन का ही निर्यात कर (एक्सपोर्ट टैक्स) बरकरार रहेगा इसके साथ-साथ निर्यात पर 10 प्रतिशत की अतिरिक्त लेवी भी लागू होगी।
जानकारों के अनुसार संदर्भ मूल्य में बढ़ोत्तरी होने से इंडोनेशिया को पाम तेल के निर्यात से अधिक राजस्व प्राप्त होने की उम्मीद है। इससे स्वदेशी बायो डीजल की आपूर्ति एवं उपलब्धता घरेलू बाजार में बढ़ाने के लिए सरकारी स्तर पर किए जा रहे प्रयासों से सहयोग-समर्थन मिलेगा।
मालूम हो कि इंडोनेशिया दुनिया में पाम तेल का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है और भारत इसका सबसे बड़ा खरीदार है। भारत को खाद्य तेल की आपूर्ति में इंडोनेशिया प्रथम स्थान पर रहता है।
यदि वहां ऊंचे रिफरेंस मूल्य के कारण निर्यात ऑफर मूल्य में इजाफा हुआ तो मलेशिया को इसका फायदा मिल सकेगा जो पाम तेल के वैश्विक बाजार में इंडोनेशिया का सबसे प्रबल प्रतिद्वंदी है।
मलेशिया में अक्टूबर के लिए भी पाम तेल पर 8 प्रतिशत का निर्यात शुल्क लगेगा। इंडोनेशिया सरकार ने बायोडीजल निर्माण में 40 प्रतिशत पाम तेल के उपयोग का अनिवार्य नियम लागू कर रखा है जिससे वहां पाम तेल की घरेलू खपत तेजी से बढ़ रही है।
