अक्टूबर में भारत रहा ऑस्ट्रेलियाई चना का सबसे बड़ा खरीदार

05-Dec-2024 04:59 PM

मेलबोर्न । मई में सीमा शुल्क की समाप्ति की घोषणा होने के बाद भारत में ऑस्ट्रेलिया से देसी चना का आयात बढ़ने लगा जिससे ऑस्ट्रेलिया को पाकिस्तान एवं बंगाल देश सहित अन्य प्रमुख आयातक देशों की अपेक्षाकृत कमजोर मांग की भरपाई करने का अवसर मिल गया।

यद्यपि सितम्बर 2024 में इन तीनों अग्रणी आयातक देशों में मांग कमजोर रहने से ऑस्ट्रेलियाई चना का निर्यात घटकर 25,692 टन पर अटक गया था मगर अक्टूबर में भारत की जोरदार मांग के सहारे वहां से इसका कुल निर्यात करीब 4 गुना उछलकर 1,09,622 टन पर पहुंच गया। 

सरकारी एजेंसी- ऑस्ट्रेलियाई सांख्यिकी ब्यूरो (एबीएस) की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार अक्टूबर में भारत ने ऑस्ट्रेलिया से 82,418 टन देसी चना का विषा आयात किया और वह सबसे प्रमुख खरीदार बन गया। इसके बाद 14,384 टन के आयात के साथ पाकिस्तान दूसरे तथा 3848 टन के साथ बांग्ला देश तीसरे नम्बर पर रहा।

एबीएस की रिपोर्ट के मुताबिक अक्टूबर के शानदार प्रदर्शन के बावजूद 2023-24 के मार्केटिंग सीजन में ऑस्ट्रेलिया से देसी चना का कुल निर्यात 5,27,698 टन तक ही पहुंच सका जो 2022-23 सीजन के कुल शिपमेंट से 24 प्रतिशत कम रहा। वैसे इस गिरावट के बावजूद ऑस्ट्रेलिया दुनिया में देसी चना का सबसे प्रमुख निर्यातक देश बना हुआ है। 

एक अन्य सरकारी एजेंसी- अबारेस  ने 2024-25 के मार्केटिंग सीजन के दौरान ऑस्ट्रेलिया में चना का कुल उत्पादन बढ़कर 18.87 लाख टन के करीब पहुंच जाने का अनुमान लगाया है जिससे वहां इसके निर्यात योग्य स्टॉक में भारी इजाफा होने की संभावना है।

अबारेस के अनुसार इस बार न्यू साउथ वेल्स प्रान्त में चना का उत्पादन उछलकर 11 लाख टन तथा क्वींसलैंड में 7.50 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान है। न्यू साउथ वेल्स में पहली बार चना का उत्पादन बढ़कर 10 लाख टन से ऊपर पहुंचेगा जो एक नया रिकॉर्ड होगा।