अल नीनो का खतरा आ रहा है नजदीक

22-Apr-2026 03:43 PM

तिरुअनन्तपुरम। विषुवतीय प्रशांत महासागर में समुद्री सतह पर पानी के गर्म होने (या तापमान) बढ़ने से उत्पन्न होने वाले अल नीनो मौसम चक्र के आगमन की संभावना पहले अगस्त-सितम्बर के लिए व्यक्त की गई थी,

फिर जुलाई-अगस्त के लिए व्यक्त की गई और अब कहा जा रहा है कि मई से जुलाई के बीच कभी भी इसकी सक्रियता बढ़ सकती है। यह गंभीर चिंता का विषय है क्योंकि अप्रैल-मई में अक्सर मानसून-पूर्व की अच्छी वर्षा होती है और जून से मानसून की बारिश आरंभ हो जाती है। 

मौसम विभाग ने जून-जुलाई में अल नीनो के आने का अनुमान व्यक्त किया है लेकिन कुछ मौसम मॉडल्स इसके जल्दी पहुंचने के संकेत दे रहे हैं। इसी तरह कुछ मौसम पूर्वानुमान केन्द्र सामान्य अल नीनो तो कुछ अन्य जलवायु ब्यूरो 'सुपर' अल नीनो का अनुमान लगा रहे हैं। इससे अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।

मई में अल नीनो का आना ज्यादा खतरनाक हो सकता है क्योंकि इससे खरीफ फसलों की अगैती बिजाई करने में किसानों को भारी कठिनाई हो सकती है। बांधों-जलाशयों में भी पानी का पर्याप्त स्टॉक मौजूद नहीं है जिससे चिंता और बढ़ सकती है।