सीसीआई को रूई की बिक्री में मिल रही शानदार सफलता
22-Apr-2026 03:40 PM
मुम्बई। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में रूई का भाव काफी ऊंचा एवं तेज होने से भारतीय टेक्सटाइल उद्योग फिलहाल सरकारी स्टॉक की खरीद में भारी दिलचस्पी दिखा रहा है। इसके फलस्वरूप केन्द्रीय एजेंसी- भारतीय कपास निगम (सीसीआई) को 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन में खरीदी गई रूई के आधे से ज्यादा स्टॉक की बिक्री करने में सफलता मिल चुकी है।
न्यूयार्क स्थित इंटर कांटीनेंटल एक्सचेंज (आईसीई) में जुलाई डिलीवरी के लिए रूई का वायदा भाव बढ़कर 80 सेंट प्रति पौंड से ऊपर पहुंच गया है और इस तरह मार्च के आरंभ से लेकर अब तक इसमें लगभग 30 प्रतिशत का जोरदार उछाल आ चुका है।
भारतीय कपास निगम द्वारा 2025-26 के मौजूदा मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) के दौरान प्रमुख उत्पादक राज्यों में किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर 105 लाख गांठ रूई की खरीद की गई जो 2024-25 सीजन की कुल खरीद 100.16 लाख गांठ से करीब 5 लाख गांठ अधिक रही। रूई की प्रत्येक गांठ 170 किलो की होती है।
सीसीआई के चेयरमैन-सह प्रबंध निदेशक (सीएमडी) के अनुसार निगम द्वारा अभी तक 55 लाख गांठ से कुछ अधिक रूई की बिक्री की जा चुकी है। टेक्सटाइल मिलों एवं व्यापारियों द्वारा इसकी खरीद में जबरदस्त सक्रियता दिखाई जा रही है।
पिछले दो महीने से सरकारी रूई का उठाव नियमित रूप से हो रहा है। विदेशों से इसका आयात महंगा बैठ रहा है जबकि सरकारी रूई अपेक्षाकृत सस्ते दाम पर उपलब्ध है। आगे भी खरीद-बिक्री की प्रक्रिया जारी रहेगी।
निगम ने 21 अप्रैल को अपनी रूई के बिक्री मूल्य में 200 रुपए प्रति कैंडी (356 किलो) का इजाफा कर दिया। पिछले एक सप्ताह के दौरान बिक्री मूल्य में कुल 800 रुपए प्रति कैंडी की बढ़ोत्तरी कर दी गई।
