अल नीनो के संकट से निपटने के लिए केन्द्र की जोरदार तैयारी शुरू
02-Jun-2026 07:37 PM
नई दिल्ली। अल नीनो मौसम चक्र के संभावित प्रकोप तथा मानसून सीजन के दौरान बारिश कम होने की संभावना जैसी चुनौतियों का सामना करने के लिए केन्द्र सरकार ने जोरदार तैयारी आरंभ कर दी है। केन्द्रीय कृषि मंत्री इसके लिए ज्यादा तत्पर और सक्रिय हैं। उनका कहना है कि हर हाल में किसानों के हितों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
कृषि मंत्री के अनुसार यह समय घबराने या चिंतित होने का नहीं बल्कि आवश्यकता के अनुरूप ठोस एवं व्यावहारिक तैयारी करने का है। जिन राज्यों / जिलों में बारिश कम होने की संभावना है वहां विशेष निगरानी एवं त्वरित एक्शन की जरूरत है। अधिकारियों को इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं। इसके साथ ही सरकार का ध्यान बीजों की आपूर्ति पानी की उपलब्धता, नमी तथा वैकल्पिक फसल योजना पर केन्द्रित है ताकि किसानों को सही समय पर सहायता प्रदान की जा सके।
कृषि मंत्री के मुताबिक, फिलहाल देश भर के प्रमुख बांधों एवं जलाशयों में पानी का स्तर सामान्य है और इससे खरीफ फसलों की खेती को अच्छा सहारा मिल सकता है। कृषि मंत्री ने किसानों तक मोबाइल एडवायजरी पहुंचाने रोगों-कीड़ों के बारे में सूचना उपलब्ध करवाने तथा सही फसल का चुनाव करने की सलाह देने पर जोर देते हुए कहा है कि आयात या आपदा कालीन योजना सिर्फ कागजों एवं फाइलों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए बल्कि वास्तविक धरातल पर इसका सार्थक एवं सकारात्मक परिणाम भी स्पष्ट रूप से दिखाई पड़ना चाहिए।
केन्द्रीय कृषि किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री ने एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में मानसून अल नीनो, पानी की उपलब्धता, बीजों की व्यवस्था एवं संभावित संकट से निपटने के लिए राज्य सरकारों की तैयारी जैसे मुद्दों पर गम्भीरतापूर्वक चिंतन-मनन किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। उनका कहना था कि केन्द्र सरकार अपनी ओर से पूरी तैयारी कर रही है और राज्यों से भी इस मामले में गंभीरता की उम्मीद करती है।
