अमरीका को चीनी निर्यात हेतु ब्राजील द्वारा टैक्स में और छूट देने का आग्रह
12-Mar-2025 08:23 PM
साओ पाउलो। लैटिन अमरीकी देश- ब्राजील जब अमरीका के साथ सीमा शुल्क (टैरिफ) के मुद्दे पर विचार विमर्श करेगा तब वह अमरीका से चीनी के शुल्क मुक्त निर्यात की अनुमति देने की मांग पर जोर दे सकता है।
ब्राजील दुनिया में चीनी का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है। समझा जाता है कि अमरीका ब्राजील से आयातित एथनॉल पर सीमा शुल्क बढ़ाने का प्लान बना रहा है।
अमरीका में चीनी का शुल्क मुक्त निर्यात कोटा बढ़ाने के लिए ब्राजील का चीनी उद्योग लम्बे समय से प्रयास कर रहा है मगर अभी तक उसे इस मकसद में कामयाबी हासिल नहीं हो सकी है।
अब तो मौजूदा टैक्स फ्री निर्यात कोटा के नवीनीकरण पर भी खतरा बढ़ गया है। समीक्षकों का कहना है कि अमरीका इस शुल्क मुक्त कोटा को आगे भी जारी रखेगा- इसकी कोई गारंटी नहीं है।
चीनी तथा एथनॉल के कारोबार पर दोनों देशों के बीच बातचीत आरंभ होना अत्यन्त आवश्यक माना जा रहा है क्योंकि ब्राजील को अमरीका में एथनॉल निर्यात के मोर्चे पर भी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।
जनवरी में अमरीकी राष्ट्रपति पद का भार संभालने के बाद डोनाल्ड ट्रम्प ने फरवरी में कहा था कि चीन, भारत दक्षिण कोरिया, कनाडा और मैक्सिको में साथ-साथ ब्राजील पर भी रेसिप्रोकल टैक्स लगाया जा सकता है।
ब्राजील में एथनॉल को विशेष रूप से निशाना (टारगेट) बनाने का संकेत दिया गया था। ब्राजील में एथनॉल का अधिक उत्पादन गन्ना से होता है।
हालांकि अमरीका में अभी तक एथनॉल पर आयात शुल्क नहीं लगाया गया है लेकिन टैक्स या शुल्क के एक ऐसे नए पैकेज में इसे शामिल किया जा सकता है जिसे अमरीका सरकार 2 अप्रैल से आरम्भ करने वाली है।
भारतीय उत्पादों पर भी टैक्स लगाने या नहीं लगाने के निर्णय की घोषणा उसी दिन होने वाली है।
ब्राजील को उससे पूर्व ही अपने उत्पादों को अमरीका में शुल्क मुक्त रखने के लिए गम्भीरतापूर्वक प्रयास करना होगा क्योंकि ट्रम्प प्रशासन किसी को राहत देने के मूड में नहीं है।
