अमरीका में शानदार उत्पादों पर टैरिफ में 50 प्रतिशत तक कटौती के संकेत

12-Nov-2025 03:40 PM

नई दिल्ली। अमरीकी राष्ट्र्पति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि भारत के साथ द्विपक्षीय व्यापार वार्ता में काफी प्रगति हुई है और अब द्विपक्षीय संधि फाइनल होने के अत्यन्त करीब पहुंच गई है। इसके बाद भारतीय उत्पादों पर टैरिफ में 50 प्रतिशत तक की कटौती की जा सकती है।

अमरीकी राष्ट्रपति के अनुसार भारत ने रूस से पेट्रोलियम का आयात काफी घटा दिया है और अमरीका भारत के साथ उचित व्यापार समझौता करने के बहुत निकट पहुंच गया है। यह समझौता पहले की तुलना में काफी अलग होगा। व्यापार समझौता होने के बाद अमरीका भारतीय उत्पादों पर टैरिफ घटा देगा। 

पिछले दो सप्ताहों से भी कम समय में भारत के साथ व्यापार समझौता के तात्कालिक संदर्भ में अमरीकी राष्ट्रपति का यह दूसरा महत्वपूर्ण बयान है लेकिन उन्होंने पहली बार भारतीय वाणिज्यिक वस्तुओं पर टैरिफ घटाने की बात कही है।

उधर भारतीय अधिकारियों ने ट्रम्प की टिप्पणी की पुष्टि करते हुए कहा है कि द्विपक्षीय व्यापार वार्ता अंतिम चरण में है और अमरीका ने अभी तक जितने देशों के साथ व्यापार समझौता किया है

उससे भारत के साथ होने वाला समझौता भिन्न है। अन्य देशों के मुकाबले भारत की व्यापार वार्ता का दायरा ज्यादा विस्तृत तथा विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) के नियमों- प्रावधानों के सर्वाधिक परिपालन पर आधारित है। 

द्विपक्षीय बातचीत के दौरान सभी संवेदनशील क्षेत्रों एवं संवेदनशील मुद्दों पर विशेष तौर से ध्यान दिया गया और उसका खास ख्याल रखा गया। बातचीत किस चरण में पहुंची है इसके बारे में भारतीय अधिकारियों का कहना है कि भारत की ओर से स्थिति स्पष्ट कर दी गई है और अब अमरीका के जवाब का इंतजार किया जा रहा है।

अब व्यापार संधि के लिए अगले दौर की बातचीत की जरूरत नहीं पड़ेगी। द्विपक्षीय व्यापार संधि के प्रथम चरण के लिए पांच दौर की वार्ता हो चुकी है। भारतीय निर्यातक अमरीकी टैरिफ में कटौती होने का इंतजार कर रहे हैं।