अनेक राज्यों में भीषण गर्मी एवं लू का अलर्ट जारी

08-Apr-2025 01:32 PM

नई दिल्ली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उत्तरी एवं पश्चिमी भारत के कई राज्यों में अगले तीन-चार दिनों तक अत्यन्त ऊंचे तापमान के साथ भीषण गर्मी पड़ने तथा 'लू (हीट वेव) का प्रकोप रहने की संभावना व्यक्त की है।

इसमें राजस्थान एवं गुजरात से लेकर पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश तथा दिल्ली आदि प्रान्त शामिल हैं। पंजाब के लिए 7 से 10 अप्रैल के बीच प्रतिकूल मौसम का यैलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक भीषण गर्मी का दौर अगल पांच दिन तक बरकरार रह सकता है।

7 अप्रैल को मौसम विभाग द्वारा जारी एक बुलेटिन में कहा गया है कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ 5 अप्रैल को पश्चिमी हिमाचल क्षेत्र में सक्रिय होने की संभावना है जिससे पंजाब के कुछ भावों में 10 तथा 11 अप्रैल को बारिश हो सकती है या गरज-चमक के साथ बौछार पड़ सकती है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार यदि तेज हवा के साथ बारिश हुई तो गेहूं की क्वालिटी खराब हो सकती है। 

मौसम विभाग के मुताबिक 7 से 11 अप्रैल के दौरान पंजाब के अन्य निकटवर्ती राज्यों तथा जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखंड जैसे पर्वतीय प्रांतों में तेज हवा के साथ हल्की से सामान्य बारिश होने अथवा गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने का अनुमान है।

यदि इसके साथ बर्फबारी या ओलावृष्टि हुई तो मैदानी इलाकों में रबी फसलों पर असर पड़ सकता है। पिछले 24 घंटे के दौरान पंजाब में दिन का उच्चतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य औसत तापमान 31 डिग्री सेल्सियस से काफी ऊंचा रहा।

इसी तरह रात का न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो विभिन्न जिलों के सामान्य औसत तापमान की तुलना में 1.6 से 4.4 डिग्री सेल्सियस ऊंचा रहा।

मौसम विभाग ने पंजाब में अगले तीन दिनों के दौरान उच्चतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की अतिरिक्त बढ़ोत्तरी होने का अनुमान लगाते हुए कहा है कि उसके बाद तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक मार्च के दौरान देश के पश्चिमोत्तर क्षेत्र में उच्चतम  तापमान 28.99 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 17.79 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य औसत तापमान से ऊंचा रहा।