अप्रैल-अक्टूबर के सात महीनों में ऑयल मील का निर्यात 7 प्रतिशत घटा

15-Nov-2024 05:56 PM

मुम्बई । सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा संकलित आंकड़ों से पता चलता है कि चालू वित्त वर्ष के शुरूआती सात महीनों में यानी अप्रैल से अक्टूबर 2024 के दौरान देश से ऑयल मील का कुल निर्यात 23,88,327 लाख टन पर है पहुंच सका जो वर्ष 2023 की समान अवधि के शिपमेंट 25,66,051 टन से करीब 7 प्रतिशत कम है।

समीक्षाधीन अवधि के दौरान यद्यपि सोया डीओसी का निर्यात 6,73,910 टन से उछलकर 10,23,184 टन पर पहुंचा मगर सरसों खल (रेपसीड एक्सट्रैक्शन) का निर्यात 15,13,917 टन से लुढ़ककर 11,76,556 टन, अरंडी मील का निर्यात 2,13,465 टन से घटकर 1,66,520 टन, राइस ब्रान एक्सट्रैक्शन का निर्यात 1,51,614 टन से गिरकर 14,243 टन तथा मूंगफली मील का निर्यात 13,146 टन से फिसलकर 7823 टन पर अटक गया। 

अक्टूबर 2024 में 1,14,384 टन सोयामील, 1,60,653 टन रेपसीड मील, 2733 टन मूंगफली मील, 63 टन राइस ब्रान एक्सट्रैक्शन तथा 27,960 टन अरंडी मील के साथ कुल 3,05,793 टन डीओसी का निर्यात हुआ जो अक्टूबर 2023 के शिपमेंट 2,89,931 टन से 5 प्रतिशत अधिक था। 

अप्रैल-अक्टूबर 2023 के मुकाबले अप्रैल-अक्टूबर 2024 के दौरान भारत से ऑयल मील का निर्यात दक्षिण कोरिया में 5,22,872 टन से घटकर 4,33,060 टन, वियतनाम में 3,10,261 टन से गिरकर 1,53,377 टन, थाईलैंड में 4,41,717 टन से लुढ़ककर 2,55,652 टन तथा बांग्ला देश में 5,06,934 टन से फिसलकर 4,28,241 टन पर सिमट गया लेकिन ईरान को ऑयल मील का निर्यात 51,183 टन से बढ़कर 1,14,475 टन पर पहुंच गया। ताइवान में भारतीय ऑयल मील का शिपमेंट गत वर्ष के 1,07,626 टन से गिरकर 84,030 टन रह गया।  

चालू वित्त वर्ष के सात महीनों में कांडला बंदरगाह से 7.83 लाख टन, मूंदड़ा पोर्ट से 5.81 लाख टन, मुम्बई / जेएनपीटी से 3.84 लाख टन, कोलकाता से 12 हजार टन तथा देश के अन्य बंदरगाहों से 6.40 लाख टन ऑयल मील का निर्यात शिपमेंट किया गया।