अप्रैल-जून की तिमाही में धनिया एवं लहसुन का निर्यात घटा
12-Sep-2024 01:52 PM
नई दिल्ली। हालांकि पिछले साल के मुकाबले चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के दौरान देश से जीरा, कालीमिर्च, छोटी-बड़ी इलयाची, सौंफ एवं इमली जैसे मसालों के निर्यात में अच्छी बढ़ोत्तरी हुई मगर लालमिर्च, धनिया तथा लहसुन का निर्यात घट गया।
मसाला बोर्ड के आंकड़ों से पता चलता है कि अप्रैल-जून 2024 के दौरान धनिया का शिपमेंट 17.029 टन पर अटक गया जो अप्रैल- जून 2023 के शिपमेंट 49,173 टन से 65 प्रतिशत कम रहा।
इसी तरह धनिया की निर्यात आमदनी भी इस अवधि में 472.80 लाख डॉलर से 56 प्रतिशत घटकर 209.40 लाख डॉलर रह गई।
समीक्षाधीन अवधि में लहसुन की निर्यात आय भी 179.30 लाख डॉलर से 26 प्रतिशत गिरकर 132.30 लाख डॉलर पर अटक गई।
हालांकि हल्दी की निर्यात मात्रा 57,557 टन से करीब 20 प्रतिशत गिरकर 46,497 टन पर सिमट गई मगर निर्यात आय 629.20 लाख डॉलर से 44 प्रतिशत उछलकर 905.70 लाख डॉलर पर पहुंच गई क्योंकि ऑफर मूल्य काफी ऊंचा था।
मसाला बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार अप्रैल-जून - 2024 के दौरान करी पाउडर / पेस्ट का निर्यात 442.20 लाख डॉलर से 24 प्रतिशत बढ़कर 549.70 लाख डॉलर तथा मसाला तेल एवं ऑलियो रेसिन का निर्यात 12.867 करोड़ डॉलर से 5 प्रतिशत सुधरकर 13.469 करोड़ डॉलर पर पहुंच गया।
मसालों का निर्यात प्रदर्शन कुल मिलाकर पिछले साल से कुछ कमजोर रहा क्योंकि लालमिर्च के शिपमेंट में भारी गिरावट आ गई। दरअसल चीन और बांग्ला देश में इसकी मांग सुस्त देखी गई।
वैसे जीरा, कालीमिर्च एवं इलायची सहित कुछ अन्य मसालों के निर्यात में अच्छी बढ़ोत्तरी होने से कुल शिपमेंट एवं आमदनी में ज्यादा गिरावट नहीं आ सकी।
