अर्जेन्टीना में गेहूं का उत्पादन नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने का अनुमान
12-Jan-2026 11:52 AM
ब्यूनस आयर्स। लैटिन अमरीकी देश- अर्जेन्टीना में 2025-26 सीजन के दौरान गेहूं का उत्पादन पिछले रिकॉर्ड को तोड़ते हुए सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया जा रहा है।
हालांकि शुरुआती दौर में मौसम की हालत कुछ खराब हो गई थी मगर गत दो माह से स्थिति बेहतर देखी जा रही है। इससे वहां औसत उपज दर में अच्छी बढ़ोत्तरी की उम्मीद है जिसे देखते हुए दोनों अग्रणी- कॉमोडिटी एक्सचेंजों- रोजरियो ग्रेन एक्सचेंज तथा ब्यूनस आयर्स ग्रेन्स एक्सचेंज द्वारा गेहूं के उत्पादन अनुमान में नियमित रूप से वृद्धि की जा रही है।
रोजरियो ग्रेन एक्सचेंज ने अर्जेन्टीना में 2025-26 सीजन के दौरान नवम्बर 2025 में 245 लाख टन गेहूं के उत्पादन का अनुमान लगाया था जिसे दिसम्बर की रिपोर्ट में 32 लाख टन बढ़ाकर 2.77 लाख टन के रिकॉर्ड स्तर पर निर्धारित कर दिया। यह आंकड़ा 2024-25 सीजन के उत्पादन 201 लाख टन से 37.08 प्रतिशत तथा 2021-22 के रिकॉर्ड उत्पादन 230 लाख टन से 20.4 प्रतिशत अधिक है।
इस बार वहां गेहूं का बिजाई क्षेत्र गत वर्ष के 71 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 71.70 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया जबकि इसकी औसत उपज दर पिछले सीजन के 3.04 टन प्रति हेक्टेयर से 35 प्रतिशत उछलकर 4.10 टन पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया गया है।
अर्जेन्टीना संसार में गेहूं के सात शीर्ष निर्यातक देशों की सूची में शामिल है और वहां से इसका अधिकांश निर्यात ब्राजील में किया जाता है जो उसका पड़ोसी देश है।
इसके अलावा कई अन्य देशों को भी वहां से गेहूं का शिपमेंट होता है। इस लैटिन अमरीकी देश में गेहूं की नई फसल की कटाई-तैयारी पहले ही आरंभ हो चुकी है। इस बार दाने की क्वालिटी भी अच्छी है और सरकार ने गेहूं पर निर्यात शुल्क में कुछ कटौती कर दी है।
