अर्जेन्टीना में मौसम की अनुकूल स्थिति के साथ सोयाबीन की जोरदार बिजाई जारी
14-Dec-2024 11:03 AM
ब्यूनस आयर्स । दक्षिण अमरीका महाद्वीप में अवस्थित ब्रजील के पड़ोसी देश- अर्जेन्टीना में मौसम की हालत सोयाबीन की फसल की बिजाई के लिए काफी हद तक अनुकूल बनी हुई है और इसका फायदा उठाकर किसान क्षेत्रफल का दायरा बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।
वहां सोयाबीन की क्रशिंग- प्रोसेसिंग की गति तेज है और इसलिए उसे सोया तेल तथा सोया मील का उत्पादन तथा निर्यात बढ़ाने का अच्छा अवसर मिल रहा है। भारत में अर्जेन्टीना से विशाल मात्रा में सोयाबीन तेल का आयात हो रहा है क्योंकि यह अपेक्षाकृत सस्ते दाम पर उपलब्ध है।
ब्यूनस आयर्स ग्रेन एक्सचेंज की रिपोर्ट के अनुसार अर्जेन्टीना में सोयाबीन की बिजाई लगभग 60 प्रतिशत भाग में पूरी हो चुकी है और अगैती बिजाई वाली फसल में वनस्पतिक विकास तेजी से हो रहा है।
64 प्रतिशत क्षेत्र में फसल की हालत उत्साहवर्धक तथा 36 प्रतिशत भाग में सामान्य आंकी गई है। इसका मतलब यह हुआ कि देश में कहीं भी सोयाबीन की फसल कमजोर या खराब स्थिति में नहीं है।
एक्सचेंज का कहना है कि देश के 97 प्रतिशत भाग में खेतों की मिटटी में नमी का पर्याप्त अंश मौजूद है और 1 प्रतिशत में जरूरत से ज्यादा तथा सिर्फ 2 प्रतिशत में सामान्य से कम है।
इसके फलस्वरूप न केवल सोयाबीन की बिजाई करने में किसानों को काफी सुविधा हो रही है बल्कि बीज में अंकुरण भी बेहतर ढंग से हो रहा है और पौधों के विकास में कोई समस्या या बाधा उत्पन्न नहीं हो रही है।
अमरीकी कृषि विभाग ने अर्जेन्टीना में सोयाबीन का उत्पादन 2023-24 सीजन के 487 लाख टन से बढ़कर 2024-25 के सीजन में 520 लाख टन पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया है। वहां दो चरणों में सोयाबीन की बिजाई होती है और मार्च से फसल की कटाई-तैयारी शुरू हो जाती है।
