अर्जेन्टीना में सोयाबीन के उत्पादन अनुमान में 20 लाख टन की कटौती
31-Jan-2025 03:39 PM
ब्यूनस आयर्स । लम्बे समय से अच्छी बारिश का अभाव होने तथा मौसम गर्म एवं शुष्क रहने से अर्जेन्टीना के कई भागों में सोयाबीन की फसल को भारी नुकसान हो रहा है।
इसे देखते हुए एक अग्रणी विश्लेषक ने इस लैटिन अमरीकी देश में सोयाबीन का उत्पादन अनुमान 510 लाख टन से 20 लाख टन घटाकर अब 490 लाख टन निर्धारित किया है।
विश्लेषक के अनुसार देश के कई भाग सूखे की चपेट में फंसे हुए हैं। ब्यूनस आयर्स, सान्ता फे एवं एंट्री रियोस जैसे प्रांतों में दिसम्बर के मुकाबले जनवरी में 25 प्रतिशत से भी कम बारिश हुई।
अब पश्चिमी तथा उत्तरी क्षेत्र के राज्यों में थोड़ी-बहुत बारिश होने की संभावना व्यक्त की जा रही है जिससे सोयाबीन की फसल को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
दक्षिण अमरीका महाद्वीप में अवस्थित दुनिया के तीसरे सबसे प्रमुख सोयाबीन उत्पादक एवं निर्यातक देश- अर्जेन्टीना में फसल की बिजाई लगभग समाप्त हो चुकी है लेकिन वर्षा पर आश्रित क्षेत्रों में नमी का अभाव होने से फसल की प्रगति में बाधा पड़ रही है।
अर्जेन्टीना संसार में सोया तेल एवं सोयामील का सबसे बड़ा निर्यातक देश है और भारत में सोयाबीन तेल का सर्वाधिक आयात वहीं से होता है।
खराब मौसम के कारण अर्जेन्टीना में सोयाबीन के उत्पादन अनुमान में नियमित रूप से कटौती हो रही है। शुरूआती चरण में वहां 2024-25 के वर्तमान सीजन के दौरान 530-535 लाख टन सोयाबीन के उत्पादन का अनुमान लगाया गया था।
अगैती बिजाई वाली फसल की छिटपुट कटाई-तैयारी जल्दी ही शुरू होने वाली है मगर फसल की हालत को देखते हुए औसत उपज दर एवं पैदावार में गिरावट आने की संभावना बनी हुई है।
हाल ही में सरकार ने सोयाबीन एवं इसके मूल्य संवर्धित उत्पादों पर निर्यात शुल्क में भारी कटौती कर दी है ताकि इसके शिपमेंट में बढ़ोत्तरी हो सके।
वैसे सिंचाई सुविधा से मुक्त कोर उत्पादन क्षेत्र में सोयाबीन फसल की हालत बेहतर बताई जा रही है। राष्ट्रीय स्तर पर सोयाबीन की 28 प्रतिशत फसल को खराब, 50 प्रतिशत को सामान्य एवं 22 प्रतिशत फसल को उत्साहवर्धक आंका गया है।
