अर्जेन्टीना से सोयाबीन का निर्यात बढ़ने की संभावना

24-Jan-2025 05:38 PM

रोजारियो। पिछले साल की तुलना में चालू वर्ष के दौरान अर्जेन्टीना में सोयाबीन का उत्पादन बेहतर होने की उम्मीद है और सरकार ने किसानों को अधिक से अधिक मात्रा में अपना स्टॉक बेचने हेतु प्रेरित प्रोत्साहित करने का प्रयास आरंभ कर दिया है।

वहीं सोयाबीन पर निर्यात शुल्क को 33 प्रतिशत से घटाकर 26 प्रतिशत नियत किया गया है जिससे अंततः उत्पादकों को राहत मिल सकती है।

वैसे सोयामील एवं सोया तेल पर भी निर्यात शुल्क को 31 प्रतिशत से घटाकर 24.5 प्रतिशत निर्धारित किया गया है मगर सोयाबीन का भाव ऊंचा होने पर क्रशिंग-प्रोसेसिंग उद्योग की कठिनाई बढ़ सकती है। 

अर्जेन्टीना संसार में ब्राजील तथा अमरीका के बाद सोयाबीन का तीसरा सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है जबकि सोया तेल एवं सोयामील के निर्यात में प्रथम स्थान पर है।

निर्यात शुल्क में कटौती होने से अर्जेन्टीना के सोयाबीन उत्पादकों को भारी राहत मिलने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि वहां फरवरी से मई तक सोयाबीन फसल की कटाई-तैयारी का पीक सीजन रहता है

जबकि सरकार ने 27 जनवरी से 30 जून तक के लिए निर्यात शुल्क में कटौती की घोषणा की है। इस बीच सरकार और निर्यातकों के बीच कुछ मुद्दों के समाधान के लिए बातचीत भी हो रही है। 

चूंकि अर्जेन्टीना का तिलहन-तेल उद्योग इस बेहतर अवसर का पूरी तरह फायदा नहीं उठा पाएगा इसलिए सोयाबीन निर्यातकों को शिपमेंट बढ़ाने का मौका मिल जाएगा।

दूसरी ओर किसान भी अपना स्टॉक रोकने के बजाए इसकी बिक्री बढ़ाने का प्रयास करेंगे जिससे निर्यातकों को ज्यादा माल प्राप्त हो सकता है।

2024-25 सीजन के दौरान अर्जेन्टीना में 520-530 लाख टन सोयाबीन के उत्पादन का अनुमान लगाया जा रहा है।

अर्जेन्टीना की सरकार को डॉलर की सख्त जरूरत है। निर्यात में इजाफा होने पर ज्यादा राजस्व प्राप्त होने की उम्मीद रहेगी। अन्य खाद्य जिंसों पर भी निर्यात शुल्क में थोड़ी बहुत कटौती की गई है।