अंतर्राष्ट्रीय सोया बाजार
15-Jul-2025 08:33 AM
अंतर्राष्ट्रीय सोया बाजार
सोमवार दोपहर जारी क्रॉप प्रोग्रेस डेटा के अनुसार रविवार तक अमेरिका की 47% सोयाबीन फसल फूलने की अवस्था में थी, जो 5 वर्षीय औसत के बराबर है। वहीं कुछ प्रतिशत फसल फली सेट कर रही है। फसल की रेटिंग 4% बढ़कर 70% हो गई है। ब्रुगलर500 इंडेक्स, जो सभी 5 श्रेणियों को ध्यान में रखता है, 7 अंक बढ़कर 376 पर पहुंच गया है।
सप्ताहांत में राष्ट्रपति ट्रंप ने घोषणा की कि 1 अगस्त से यूरोपीय संघ और मेक्सिको पर 30% टैरिफ लगाया जाएगा। सोमवार सुबह ट्रंप ने रूस को चेतावनी दी कि यदि 50 दिनों के भीतर रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्त करने का कोई समझौता नहीं होता है, तो रूस के व्यापारिक साझेदारों पर भी सेकेंडरी टैरिफ लगाए जाएंगे।
यूएसडीए के अनुसार 10 जुलाई को समाप्त सप्ताह में सोयाबीन का निर्यात 1,47,045 मीट्रिक टन (5.4 मिलियन बुशल) रहा। यह पिछले सप्ताह की तुलना में 63.2% कम और पिछले वर्ष की समान अवधि से 16.1% कम है। उस सप्ताह मेक्सिको 32,507 मीट्रिक टन के साथ सबसे बड़ा खरीदार रहा। चालू विपणन वर्ष में अब तक कुल 4.6411 करोड़ मीट्रिक टन (1.705 बिलियन बुशल) सोयाबीन का निर्यात हुआ है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 10.4% अधिक है।
आगामी सप्ताह में व्यापक वर्षा की संभावना है। अधिकांश कॉर्न बेल्ट क्षेत्र में कम से कम 1 इंच बारिश, जबकि सेंट्रल कॉर्न बेल्ट में 2-3 इंच तक वर्षा हो सकती है।
एनओपीए के आंकड़े मंगलवार को जारी किए जाएंगे। व्यापारियों को उम्मीद है कि जून माह में औसतन 185.19 मिलियन बुशल सोयाबीन की क्रशिंग हुई होगी, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 10 मिलियन बुशल अधिक होगी। सोयाबीन ऑयल स्टॉक्स का औसत अनुमान 1.374 बिलियन पाउंड है।
चीन ने जून महीने में रिकॉर्ड 12.26 मिलियन मीट्रिक टन सोयाबीन का आयात किया, हालांकि यह मई के 13.92 मिलियन मीट्रिक टन से कम रहा।
