बीएसएएफ द्वारा 22-23 जनवरी 2026 को यंगून में साउथ एशिया एग्री फोरम का आयोजन
08-Oct-2025 05:33 PM
मुम्बई। एक लोकप्रिय एवं विश्वसनीय संस्था- भारत सब कांटीनेंट एग्री फाऊंडेशन (बीएसएएफ) ने म्यांमार के व्यापारिक / निर्यातक संगठन- ओवरसीज एग्रो ट्रेडर्स एसोसिएशन (ओएटीए) के सहयोग से 22-23 जनवरी 2026 को म्यांमार की राजधानी यंगून (पुराना नाम रंगून) में स्थित होटल पार्क रॉयल में दक्षिण एशिया कृषि फोरम के चौथे संस्करण का आयोजन करने की घोषणा की है।
इससे पूर्व फाउंडेशन द्वारा इस तरह के तीन सम्मेलन का सफलतापूर्वक आयोजन किया जा चुका है जो उसमें भाग लेने वालों के लिए काफी लाभदायक साबित हुआ।
2026 का संस्करण म्यांमार के ओएटीए के सहयोग से आयोजित होगा जिसमें अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विचार से गहन चर्चा की जाएगी।
इसमें स्थायी कृषि पद्धति, प्रौद्योगिकी स्थानांतरण, क्षेत्रीय आधार पर कृषि व्यापार के अवसर तथा दक्षिण एवं दक्षिण-पूर्व एशिया में कृषि विकास को सहयोग समर्थन देने हेतु भविष्य के लिए नीतिगत प्रारूप को तैयार करना जैसे विषय शामिल होंगे।
इस दो दिवसीय उपयोगी एवं लाभप्रद कार्यक्रम में ज्ञान, सूचना एवं आंकड़ों का आदान-प्रदान होगा और विभिन्न देशों से आने वाले विशेषज्ञ तथा विश्लेषक अपने विचार और अनुभव को साझा करेंगे।
रणनीतिक संवाद से पारस्परिक समझ बढ़ेगी और विभिन्न देशों में खेती की स्थिति एवं फसलों की पैदावार के बारे में जानने- समझने का मौका मिलेगा।
इससे दक्षिण एशिया में कृषि क्षेत्र की प्रगति के नए अध्याय का स्वरूप गढ़ने में सहायता मिलेगी। सम्मेलन में भाग लेने के इच्छुक लोगों को 22-23 जनवरी 2026 का दिन याद रखना चाहिए और रजिस्ट्रेशन के विस्तृत विवरण तथा प्रमुख वक्ताओं के नाम की घोषणा का इंतजार करना चाहिए।
