बंगाल की खाड़ी में तूफान का अलर्ट- दक्षिणी राज्यों में भारी बारिश की संभावना

22-Nov-2024 11:05 AM

नई दिल्ली । भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बंगाल की खाड़ी में एक नए तूफान के लिए अलर्ट जारी किया है। उसने 23 नवम्बर के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक निम्न दाब का क्षेत्र बनने की भविष्यवाणी की है।

इसके फलस्वरूप 21 एवं 26 नवम्बर को दक्षिणी तमिलनाडु तथा 26 एवं 27 नवम्बर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में कहीं-कहीं अत्यन्त भारी वर्षा होने की संभावना है। तमिलनाडु में बारिश का दौर लम्बे समय से जारी है। 

मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी भाग के ऊपर कम दाब का जो क्षेत्र बन रहा है वह पश्चिमी तथा उत्तर पश्चिमी दिशा की ओर बढ़ सकता है

और अगले दो दिनों में दक्षिणी बंगाल की खाड़ी के मध्यवर्ती भाग के ऊपर एक डिप्रेशन के रूप में मजबूत हो सकता है। उधर कोमोरीन क्षेत्र तथा इसके आसपास के इलाकों में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन देखा जा रहा है जो काफी नीचे स्तर पर आ गया है। 

अपने नवीनतम बुलेटिन में मौसम विभाग ने पहले 21 नवम्बर को लक्ष्यद्वीप, तथा 21 से 25 नवम्बर के बीच तमिलनाडु, पांडीचेरी एवं कराईकल में गरज-चमक के साथ सामान्य बारिश होने की संभावना व्यक्त की थी जबकि 25 नवम्बर को माही में बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया था।

अंडमान निकोबार द्वीप समूह में भी हल्की से सामान्य वर्षा होने के आसार हैं। इसी तरह 21 एवं 22 नवम्बर को आसाम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की वर्षा होने का अनुमान लगाया गया है। 

दक्षिणी तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश तथा यानम में अगले सप्ताह मूसलाधार वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है जिससे वहां रबी फसलों की बिजाई में बाधा पड़ सकती है।

निकोबार तथा केरल एवं माही में भी भारी वर्षा होने के आसार हैं। रायल सीमा में 26-27 नवम्बर को अत्यन्त मूसलाधार बारिश होने की चेतावनी दी गई है। तमिलनाडु में रूक-रूककर हो रही भारी वर्षा से कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं।