बांग्ला देश के भोमरा लैंड पोर्ट पर 6520 टन भारतीय चावल पहुंचा
22-Nov-2024 01:39 PM
सतखीरा । बांग्ला देश के घरेलू प्रभाग में आपूर्ति एवं उपलब्धता बढ़ाने तथा कीमतों में आने वाली तेजी को नियंत्रित करने के लिए सरकारी और व्यापारिक स्तर पर भारत से चावल का आयात शुरू हो चुका है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार केवल सतखीरा के भोपरा लैंड पोर्ट के माध्यम से ही पिछले आठ दिनों के दौरान 6520 टन से कुछ अधिक भारतीय चावल मंगाया गया जबकि इससे पूर्व बीनपोल लैंड पोर्ट पर भी चावल मंगाया गया था।
आयातकों को 10 दिसम्बर तक चावल मंगाने की अनुमति दी गई है। अधिकारियों को भरोसा है कि भारतीय चावल के आने से बांग्ला देश में बाजार भाव को स्थिर बनाने में सहायता मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि बांग्ला देश के राष्ट्रीय राजस्व बोर्ड द्वारा सीमा शुल्क को वापस लेने की घोषणा किए जाने के बाद 13 नवम्बर से व्यापारिक स्तर पर भारत से चावल का आयात शुरू कर दिया गया।
लैंड पोर्ट अधिकारियों के अनुसार सीमा शुल्क की समाप्ति के बाद खाद्य मंत्रालय द्वारा 12 कंपनियों को चावल के आयात की अनुमति दी गई जिसने भोमरा में इसको मंगाना शुरू कर दिया।
इन कंपनियों में ढाका की फर्में भी शामिल हैं। ढाका की एक कम्पनी द्वारा चार खेपों में कुल 1861.47 टन चावल मंगाया गया। इसके तहत 13 नवम्बर को 770 टन, 16 नवम्बर को 368.50 टन, 17 नवम्बर को 380.97 टन तथा 18 नवम्बर को 342 टन चावल का आयात शामिल था। एक अन्य फर्म द्वारा तीन खेप में 300 टन चावल मंगाया गया।
भारत सरकार ने पिछले साल जुलाई में सफेद चावल के निर्यात पर प्रतिबंध तथा अगस्त में सेला चावल पर 20 प्रतिशत का निर्यात शुल्क लगा दिया गया था जिसे अब वापस ले लिया है।
इस बांग्ला देश में चावल के उत्पादन में गिरावट आने की संभावना है इसलिए उसे इसका आयात बढ़ाने की सख्त आवश्यकता महसूस हो रही है। सरकार भी चावल आयात का टेंडर जारी कर रही है।
