बांग्ला देश करेगा 3.92 लाख टन चावल का आयात

10-Dec-2024 06:10 PM

ढाका । बांग्ला देश की अंतरिम सरकार ने आयातकों से 22 दिसम्बर 2024 तक विदेशों से 3.92 लाख टन चावल का आयात करके उसका विपणन करने के लिए कहा है ताकि घरेलू बाजार में इस महत्वपूर्ण खाद्यान्न की आपूर्ति एवं उपलब्धता बढ़ाने तथा कीमतों को नियंत्रित करने में सहायता मिल सके।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार कुल मिलाकर निजी क्षेत्र के 92 आयातकों को 2.73 लाख टन सेला चावल तथा 1.19 लाख टन सफेद (कच्चा) चावल मंगाने की अनुमति दी गई है।

लेकिन आयात की अवधि बहुत सीमित रखी गई है और इतने कम समय में चावल का आयात अनुबंध करके उसकी डिलीवरी प्राप्त करना मुश्किल काम है। 

बांग्ला देश में पहले भी आयातकों को चावल मंगाने की स्वीकृति दी गई थी और कुछ व्यापारियों ने भारत से इसके आयात का प्रयास भी किया था।

लेकिन इसकी मात्रा कम रही और इसलिए वहां चावल की कीमतों पर कोई खास असर नहीं पड़ा। बांग्ला देश के खाद्य विभाग में अतिरिक्त सचिव (खरीद एवं आपूर्ति प्रकोष्ठ) ने सरकार के इस निर्णय की पुष्टि करते हुए कहा है कि सरकार आपूर्ति एवं उपलब्धता में बढ़ोत्तरी के जरिए चावल के खुदरा बाजार मूल्य में आ रही तेजी को नियंत्रित करना चाहती है। 

अतिरिक्त सचिव के मुताबिक प्राइवेट व्यापारियों को चावल का आयात करने की स्वीकृति देने का निर्णय करीब दो सप्ताह पूर्व ही लिया गया था ताकि धान की कटाई के मौजूद सीजन में उत्पादन में आने वाली गिरावट की भरपाई की जा सके। दिसम्बर के अंत तक धान की नई फसल की कटाई-तैयारी पूरी हो जाने की संभावना है। 

सरकारी दिशा निर्देश के अनुसार प्राइवेट आयातकों को यह गारंटी देनी होगी कि विदेशों से आयातित चावल को 22 दिसम्बर तक खुदरा बाजार में उपलब्ध करवा दिया जाएगा। इसकी बिक्री बोरियों में करनी होगी।