बांग्ला देश में अमरीका से मक्का का आयात होने से भारत को झटका
10-Jan-2026 12:34 PM
नई दिल्ली। लगभग आठ वर्षों के लम्बे अंतराल के बाद बांग्ला देश ने अब अमरीका से मक्का का आयात दोबारा आरंभ कर दिया है। पिछले दिन 58 हजार टन अमरीकी मक्का से लदा जहाज बांग्ला देश के चटगांव बंदरगाह पर पहुंचा।
अमरीका के मिनीसोटा एवं उत्तरी एवं दक्षिणी डकोटा प्रान्त में उत्पादित इस पीले मक्के का आयात होने से भारत को झटका लगने की आशंका है क्योंकि बांग्ला देश पिछले कुछ वर्षों से मक्का आयात के लिए मुख्यतः भारत पर ही निर्भर था। इससे पूर्व बांग्ला देश में अमरीका से अंतिम बार वर्ष 2018 में मक्का का आयात किया गया था। उसके बाद से वह भारतीय मक्का की खरीद करने लगा।
वर्ष 2024 में बांग्ला देश ने ब्राजील तथा अर्जेन्टीना जैसे लैटिन अमरीकी देशों से मक्का मंगाने का प्रयास किया क्योंकि भारतीय उत्पाद का भाव ऊंचा चल रहा था और यहां निर्यात योग्य स्टॉक भी कम था।
इससे पूर्व बांग्ला देश ने विशाल मात्रा में वर्ष 2023 के दौरान भारतीय मक्का मंगाया था जिसका मूल्य 17.10 करोड़ डॉलर रहा था। लेकिन 2024-25 के दौरान बांग्ला देश में 93 प्रतिशत जरूरत का मक्का अकेले ब्राजील से मंगाया गया जबकि 4 प्रतिशत आयात अर्जेन्टीना से एवं 2 प्रतिशत का आयात पाकिस्तान से किया गया।
जहां तक भारत का सवाल है तो वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान इसके मक्के का निर्यात घटकर पिछले पांच साल के निचले स्तर पर सिमट गया था। उसके मुकाबले चालू वित्त वर्ष का प्रदर्शन बेहतर चल रहा है।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार अप्रैल-दिसम्बर 2025 के दौरान भारत से मक्का का निर्यात सुधरकर 2.84 लाख टन पर पहुंचा जो अप्रैल-दिसम्बर 2024 के शिपमेंट 2.36 लाख टन से करीब 20 प्रतिशत अधिक रहा इस अवधि में इसकी निर्यात आय भी 876.30 लाख डॉलर से बढ़कर 1124.90 लाख डॉलर हो गई।
बांग्ला देश अब भारतीय मक्का की खरीद में बहुत कम दिलचस्पी दिखा रहा है जबकि अमरीका एवं ब्राजील से जीएम मक्का के आयात को प्राथमिकता देने लगा है। इससे भारतीय निर्यातकों को मलेशिया एवं वियतनाम सहित अन्य देशों पर ध्यान केन्द्रित करना पड़ेगा।
